शराब पार्टी के दौरान मामूली विवाद बनी हत्या की वजह, चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर युवक को उतारा मौत के घाट. इलाके में फैली सनसनी, आरोपी अभय फरार

Spread the love

राजनांदगांव/डोंगरगढ़ : राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर में मंगलवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। राधिका नगर-कश्मीरी पारा इलाके में धारदार हथियार से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई. वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
विवाद के बाद किया गया जानलेवा हमला
मिली जानकारी के मुताबिक कश्मीरी पारा मोहल्ले में देर रात कुछ लोग शराब पी रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया. अभय निषाद ने कश्मीरी पारा निवासी धन्नू ठाकुर उम्र 33 साल पर चाकू से हमला कर दिया. हमला इतना गंभीर था कि धन्नू ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पूरे इलाके की घेराबंदी कर सबूत जुटाए गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया.
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या के वजह की जांच शुरू कर दी है. वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मामले में विस्तृत और आधिकारिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है.
प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद
इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था और बढ़ती नशाखोरी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है, कि शहर के कई इलाकों में देर रात तक खुलेआम शराबखोरी और नशाखोरी होती है, जिसकी शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं. इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. पिछले कुछ समय में डोंगरगढ़ में नशे की हालत में मारपीट, चाकूबाजी और हिंसक घटनाओं के कई मामले सामने आ चुके हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर धर्मनगरी में बढ़ते नशे के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली शराबखोरी पर कब तक प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा. इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या डोंगरगढ़ में बढ़ती नशाखोरी पर अब कोई ठोस और सख्त उठाएगी.

Author