बालोद/देवरी : बालोद जिला में देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा में युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में देवरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया गया था. इसी बीच गंभीर रूप से घायल युवक हितेश सिन्हा की रायपुर एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई. जिसके बाद रायपुर से पुलिस डायरी एवं संबंधित दस्तावेज मिलने के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़े जाने की कार्रवाई की गई.
मिली जानकारी के मुताबिक दो आरोपियों द्वारा प्रार्थी पक्ष पर जानलेवा हमला किया गया था. जिसमें हितेश सिन्हा पिता स्व प्यारेलाल सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गए थे. वारदात के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शुरुआती इलाज के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स रेफर किया गया. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
वारदात के बाद देवरी पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और दोनों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों को अदालत के सामने पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
इस मामले में आरोपी हीरामन सिंह पिता बनवारी राम सिन्हा, उम्र 51 साल और कामेंद्र सिन्हा पिता हीरामन सिंह, उम्र 26 साल, दोनों निवासी ग्राम खैरा, थाना देवरी, जिला बालोद को गिरफ्तार किया गया है.
आपसी रंजिश की आशंका, पुलिस कर रही मामले की जांच
शुरुआती जानकारी के मुताबिक वारदात के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है. हालांकि हत्या की असल वजह का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वारदात से जुड़े सबूतों और हालात के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
2026-07-29











