बिलासपुर/कोटा : बिलासपुर जिला में कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरदुर में उधारी के विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया. किराना दुकान में सामान की उधारी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही पलों में हत्या की वारदात में बदल गया. आरोप है कि दो युवकों ने 42 साल के सिदेशी बघेल की बांस के डंडे से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी. वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक सिदेशी बघेल पिता कार्तिक बघेल उम्र 42 साल निवासी ग्राम खुरदुर ग्राम खुरदुर निवासी अंकुश रजक और कलार तराई निवासी निखिल यादव किराना दुकान से सामान लेकर भुगतान बाद में करने की बात कह रहे थे. इसी दौरान सिदेशी बघेल ने दुकानदार से कहा कि सामान का पैसा तत्काल लिया जाए.
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि अंकुश रजक और निखिल यादव ने बांस के डंडे से सिदेशी बघेल के सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से सिदेशी बघेल की मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात की खबर मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के साथ ही हत्या में इस्तेमाल डंडे की जब्ती सहित अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं.
एक सामान्य उधारी का विवाद इतनी भयावह वारदात में बदल जाएगा. इसका अंदाजा किसी को नहीं था. गांव में दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है. यह घटना एक बार फिर बताती है कि क्षणिक गुस्सा और हिंसक प्रवृत्ति किस तरह मामूली विवाद को भी जानलेवा बना सकती है.
2026-07-30










