सूरजपुर : सूरजपुर जिले के चम्पकनगर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने जलाशयों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग प्रशासन से की है.
मिली जानकारी के मुताबिक चम्पकनगर गांव में दो बच्चे गांव के तालाब के पास खेलते-खेलते नहाने के लिए पानी में उतर गए. इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर फौरन अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में मौत की वजह डूबना माना जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने तालाब और अन्य जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
2026-07-31











