बालोद : बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलझर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया. जब कक्षा 9वीं और 10वीं की पांच छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं. घटना से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन 108 एंबुलेंस को खबर दी और छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा पहुंचाया। इनमें एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक सबसे पहले कक्षा 10वीं की छात्रा तिजिया यादव को अचानक चक्कर आया और वह कक्षा में ही गिर गई. इसके बाद उसकी सांसें तेज चलने लगीं और वह बेचैनी महसूस करने लगी. शिक्षकों और अन्य छात्राओं ने उसे संभाला ही था कि कुछ ही देर बाद कक्षा 10वीं की यूहाना कोमरे, लिलिमा चन्द्रवंशी, भूमिका और कक्षा 9वीं की नितेश्वरी को भी चक्कर आने, सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत हुई. देखते ही देखते सभी छात्राएं एक-एक कर बेहोश हो गईं. जिससे पूरे विद्यालय में दहशत का माहौल बन गया.
घटना की खबर मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और छात्राओं को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा ले जाया गया. चिकित्सकों ने जांच के बाद यूहाना चन्द्रवंशी की स्थिति गंभीर पाई, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर कर दिया गया. वहीं तिजिया यादव और लिलिमा चन्द्रवंशी की तबीयत में सुधार होने पर उन्हें इलाज के बाद घर भेज दिया गया. जबकि भूमिका और नितेश्वरी का इलाज घर पर ही कराया गया.
विद्यालय के शिक्षकों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि कुछ छात्राएं सुबह बिना पर्याप्त भोजन किए स्कूल पहुंची थीं. जिसकी वजह से कमजोरी और चक्कर आने की हालत बनी. हालांकि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा छात्राओं की जांच की जा रही है और घटना की असल वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
इधर, छात्राओं के परिजनों ने बताया कि पिछले साल भी इसी विद्यालय में इस तरह की घटना सामने आई थी. एक बार फिर एक साथ कई छात्राओं के बेहोश होने की घटना से अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है. मामले को लेकर विद्यालय प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क है तथा पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.6CI?
2026-07-31











