नारी महानदी पुल हत्याकांड का खुलासा: चावल कारोबार नीरज साहू को रंजिश में कैंची और पाना से हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपी बिरेंद्र गिरफ्तार

Spread the love

धमतरी : धमतरी जिले के बहुचर्चित नारी महानदी पुल हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. कुरूद पुलिस ने चावल व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा से उपजी रंजिश के चलते 27 साल के नीरज साहू की हत्या करने वाले 21 साल के आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. हत्या में इस्तेमाल कैंची और पाना भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 22 जुलाई 2026 को नारी महानदी पुल पर मुख्य मार्ग में नीरज साहू का शव खून से लथपथ हालत में मिला था. मृतक के गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे और उसका बोलेरो पिकअप वाहन घटनास्थल पर ही खड़ा मिला था. शुरुआती जांच के बाद हत्या की पुष्टि होने पर थाना कुरूद में जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की गई.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर कुरूद थाना, मगरलोड थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल और एसडीओपी रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने कई दिनों तक लगातार जांच की. इस दौरान सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और वैज्ञानिक एवं तकनीकी सबूतों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया.
जांच के दौरान पुलिस संदेही बिरेंद्र कुमार साहू तक पहुंची. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या करना कबूल कर लिया. उसने बताया कि वह और मृतक दोनों चावल का कारोबार करते थे. नीरज साहू का कारोबार बेहतर चलने और ज्यादा आय होने से वह उससे रंजिश रखने लगा था. इसी द्वेष के चलते उसने सुनसान स्थान पर नारी महानदी पुल के पास नीरज पर कैंची और पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दोनों हथियार बरामद कर जब्त कर लिए हैं. पुख्ता सबूत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपी
बिरेंद्र कुमार साहू पिता कन्हैयालाल साहू उम्र 21 साल निवासी सांकरा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी छत्तीसगढ़

 

Author