10वीं पास से इंजीनियरिंग-नर्सिंग तक के अभ्यर्थियों को मौका
रायपुर : जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर की तरफ से 5 अगस्त को लाइवलीहुड कॉलेज, धरमपुरा रोड, जोरा में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलने वाले इस मेले में निजी क्षेत्र की पांच प्रतिष्ठित कंपनियां 137 रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी.
रोजगार मेले में वंदना ग्लोबल लिमिटेड, सार्थक क्रिएटिव ऑर्गनाइजेशन, अपडेट एजुकेशन टेक्नोलॉजी प्रा. लि., ईलमेक इंडस्ट्रीज और अलर्ट एसजीएस प्रा. लि. शामिल होंगी. कई कंपनियां योग्यता के मुताबिक अभ्यर्थियों का चयन करेंगी.
इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डीजल मैकेनिक, ऑटोमोबाइल, मैकेनिकल एवं केमिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डिंग, फीटर और नर्सिंग उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं.
पहले करना होगा ऑनलाइन पंजीयन
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर या छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से पूर्व पंजीयन कर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा. मेले में शामिल होने के दौरान सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो और बायोडाटा साथ लाना होगा.
प्रवेश रहेगा पूरी तरह निःशुल्क
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के मुताबिक रोजगार मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा. अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में दूरभाष क्रमांक 0771-4044081 पर संपर्क किया जा सकता है.
धमतरी में 30 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति के लिए 10 अगस्त से आवेदन शुरु
धमतरी : उच्च शिक्षा हासिल करने की इच्छुक छात्राओं के लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित वार्षिक छात्रवृत्ति योजना एक सुनहरा मौका लेकर आई है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल का प्रथम चरण 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक खुला रहेगा. जिला प्रशासन तथा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जिले के सभी शासकीय एवं पात्र निजी महाविद्यालयों की मदद से अधिकतम पात्र छात्राओं को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर समन्वय किया जाएगा.
यह छात्रवृत्ति उन छात्राओं के लिए है जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं दोनों परीक्षाएं पात्र 19 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों के शासकीय विद्यालय या महाविद्यालय से नियमित छात्रा के रूप में उत्तीर्ण की हों और शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी भी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के मान्यता प्राप्त शासकीय अथवा विश्वसनीय एवं प्रामाणिक निजी महाविद्यालय या विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष अवधि के स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो. पात्र छात्राओं को हर साल 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी. जिससे उनकी उच्च शिक्षा की राह और अधिक सुगम हो सके.
धमतरी जिले के लिए यह योजना पहले ही उल्लेखनीय परिणाम दे चुकी है. गत शैक्षणिक सत्र में जिले के 22 महाविद्यालयों की 827 छात्राओं को इस योजना के अंतर्गत कुल 2 करोड़ 48 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि प्रदान की गई. इस आर्थिक मदद से कई छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने, अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का मौका मिला.
जिला प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों से पात्र छात्राओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने और निर्धारित अवधि के भीतर शत-प्रतिशत पात्र छात्राओं के आवेदन सुनिश्चित करने की अपील की है. छात्राओं और अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे आवेदन की आख़री तारीख की प्रतीक्षा न करते हुए समय रहते आवश्यक दस्तावेज तैयार कर आवेदन करें.
योजना से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी या मदद के लिए अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति व्हाट्सऐप हेल्पलाइन +91 90199 60536 पर संपर्क किया जा सकता है. आवेदन का दूसरा चरण 10 जनवरी 2027 से 31 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा.











