राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है. मृतिका की हत्या का कोई सुराग नहीं था. लेकिन फिर भी पुलिस ने जांच के बाद आरोपी देवर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. यह मामला तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी के पेण्डरवानी ग्राम का है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पेण्डरवानी में तामेश्वरी साहू उम्र 28 साल पति जैयपाल साहू का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिला था. परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री ले गए. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
खबर मिलते ही पुलिस चौकी तुमडीबोड़ और साइबर थाने की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया. वरिष्ठ अधिकारियों और वैज्ञानिक अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई.
शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री में मेडिको-लीगल डॉक्टरों की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया. रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला घोटने (दम घुटने) की वजह से हुई थी. जो कि हत्या की ओर इशारा कर रही थी.
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मृतिका अक्सर अपने देवर देवेन्द्र साहू से कहती थी कि वह कोई काम-धाम नहीं करता है और घर में बैठे-बैठे खाता है. इसी बात से गुस्से में आकर आरोपी ने साड़ी से मृतिका का गला घोटकर उसकी हत्या कर दी थी.
मृतिका के देवर देवेन्द्र साहू के खिलाफ पुलिस चौकी तुमडीबोड़ में अपराध क्रमांक 334/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुख्ता सबूत पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
आरोपी देवर
देवेन्द्र साहू पिता गणेश राम साहू उम्र 32 साल निवासी ग्राम पेण्डरवानी, पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव छत्तीसगढ़
2026-08-03











