हाईवे पर सड़क हादसा, बाइक सवार को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित हुई कार, हादसे में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा घायल, इलाज जारी

Spread the love

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार को नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब वे अकलतरा से बिलासपुर की तरफ जा रहे थे, हादसे के बाद उन्हें फौरन इलाज के लिए बिलासपुर भेजा गया. जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
बाइक सवार को बचाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक अभिषेक मिश्रा अपनी कार से अकलतरा से बिलासपुर की जा रहे थे. इसी दौरान नेशनल हाईवे पर अचानक एक बाइक सवार युवक उनकी गाड़ी के सामने आ गया. उसे बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन को मोड़ने की कोशिश की. जिससे कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में अभिषेक मिश्रा को चोटें आईं. हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
स्थानीय लोगों ने की मदद
हादसे के फौरन बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. उनकी मदद से अभिषेक मिश्रा को वाहन से बाहर निकाला गया और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई गई. इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया.
डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
अस्पताल सूत्रों के अनुसार अभिषेक मिश्रा का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच और उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है
पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता
हादसे की जानकारी मिलते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल बन गया. कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए अस्पताल और पार्टी कार्यालय से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की खबर मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई. पुलिस हादसे केवजह की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है. पुलिस चश्मदीदों के बयान और दुसरे सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

Author