शंकर मंदिर के सामने दफन शव को मुक्ति धाम में स्थानांतरित करने की मांग, लोगों में नाराजगी का माहौल, मोहल्लेवासियों ने एसडीएम को सौंपा आवेदन

Spread the love

तिल्दा-नेवरा : नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के वार्ड नम्बर 7 स्थित शीतला पारा में शंकर मंदिर के सामने दफन किए गए एक शव को लेकर स्थानीय मोहल्लेवासियों ने आपत्ति जताई है. इस बारे में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) तिल्दा-नेवरा को आवेदन सौंपकर शव को मुक्ति धाम में स्थानांतरित कराने की मांग की गई है.
आवेदन के मुताबिक करीब छह महीने पहले सावन समिति से जुड़े गरीबा साहू की मौत के बाद उनका शव शंकर मंदिर के समीप दफनाया गया था. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि यह कार्य बिना मोहल्लेवासियों की जानकारी और सहमति के किया गया. जिससे क्षेत्र के लोगों में असंतोष व्याप्त है.
मोहल्लेवासियों का कहना है कि मंदिर एक सार्वजनिक धार्मिक स्थल है. जहां रोजाना श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है. ऐसे स्थान के सामने शव दफन होने से धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो रही हैं. उन्होंने प्रशासन से इस मामले में उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शव को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत निकालकर नगर के मुक्ति धाम में स्थानांतरित किया जाए. ताकि भविष्य में किसी तरह का विवाद या असहज स्थिति उत्पन्न न हो.
आवेदन पर क्षेत्र के कई मोहल्लेवासियों के दस्तखत हैं और संबंधित दस्तावेज प्रशासन को सौंपे गए हैं. अब इस मामले में प्रशासन के निर्णय और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है.

Author