अभनपुर तालाब किनारे हुए अंधे कत्ल का खुलासा: पत्नी निकली हत्यारिन, साड़ी से गला घोंटकर उतारा था मौत के घाट, पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार

Spread the love

रायपुर/अभनपुर : छत्तीसगढ़ के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो में तालाब किनारे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. जांच में सामने आया कि युवक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने ही की थी. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार पिता जलसिंग सिदार उम्र 30 साल निवासी ग्राम तोरला, पोस्ट ऑफिस शक्ति, थाना झरबन, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है. परमेश्वर पिछले करीब छह महीने से ग्राम टोकरो स्थित तालाब में चौकीदारी का काम कर रहा था.
मंगलवार को तालाब के पास उसका शव संदिग्ध हालत में मिला था. घटना की खबर मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. शव मिलने की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए हर पहलू से जांच शुरू की.
पूछताछ में पत्नी ने कबूला अपराध
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की. जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी तिजिया सिदार उम्र 26 साल पर शक हुआ.
पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जिसमें उसने पति की हत्या करने की बात कबूल कर ली. आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और आए दिन विवाद करता था. लगातार घरेलू विवाद और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया. पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने साड़ी से गला घोंटकर अपने पति परमेश्वर सिदार की हत्या कर दी थी.
हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार
अभनपुर पुलिस ने आरोपी तिजिया सिदार पति स्वर्गीय परमेश्वर सिदार, उम्र 26 साल निवासी ग्राम तोरला, पोस्ट शक्ति, थाना झरबन, जिला बरगढ़ (ओडिशा), हाल मुकाम ग्राम टोकरो, थाना अभनपुर को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी के खिलाफ अभनपुर थाने में जुर्म दर्ज किया गया है. पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है.
दो दिन में सुलझा अंधा कत्ल
अभनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते यह अंधा कत्ल महज दो दिनों में सुलझ गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और जांच आगे भी जारी है.

Author