सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्कूल बस के भीतर हुई एक घटना ने छात्राओं को दहशत में डाल दिया. आरोप है कि एक प्राइवेट बैंक के सुरक्षा गार्ड ने चलती स्कूल बस में जबरन सवार होने की कोशिश की. जब बस चालक ने नियमों का हवाला देकर उसे बैठाने से मना किया तो उसने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर ड्राइवर को धमकाया और मारपीट कर दी.
अंबिकापुर जाने की जिद पर बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक घटना बिश्रामपुर थाना क्षेत्र की है. एसईसीएल से संबद्ध एक स्कूल बस बिश्रामपुर से अंबिकापुर की तरफ जा रही थी. इसी दौरान एक प्राइवेट बैंक का सुरक्षा गार्ड बस में चढ़कर अंबिकापुर तक छोड़ने की मांग करने लगा. बस चालक ने बताया कि स्कूल बस में बाहरी व्यक्ति को बैठाने का परमिशन नहीं है. इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया.
बंदूक दिखाने का आरोप, बस में मची दहशत
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गार्ड ने अपनी लाइसेंसी बंदूक ड्राइवर की तरफ तान दी और उसके साथ हाथापाई की. अचानक हुई इस वारदात से बस में मौजूद छात्राएं घबरा गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की हालत बन गई.
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
वारदात की खबर मिलने के बाद बिश्रामपुर पुलिस ने आरोपी सुरक्षा गार्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
हथियार के लाइसेंस पर भी हो सकती है कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के साथ-साथ आरोपी के हथियार के लाइसेंस को निलंबित कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
2026-08-07











