पुराने विवाद को लेकर रायपुर जा रहे युवक की पेट और पीठ पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

दुर्ग/भिलाईनगर : दुर्ग जिला में जामुल थाना क्षेत्र के ओखरा रोड पर धारदार हथियार से युवक की हत्या के मामले में दुर्ग पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक 4 अगस्त को मोतीराम गायकवाड़ ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई कि उनका बेटा भीष्म गायकवाड़ सुबह करीब 9 बजे टिफिन लेकर रायपुर जाने के लिए निकला था. करीब 10:30 बजे खबर मिली कि ओखरा रोड स्थित बरगद के पेड़ के पास गांव के अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी ने विवाद के दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.
घायल भीष्म को मां कर्मा अस्पताल, मुरमुंडा में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पहले पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया था. लेकिन युवक की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़कर जांच शुरू की गई.
पुराने विवाद ने ली जान
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था. घटना वाले दिन दोनों के बीच कहासुनी हुई. जिसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार से भीष्म के पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
आरोपी से हथियार बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी उम्र 53 साल निवासी ग्राम नरधा, थाना जामुल, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

Author