सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड स्थित किरारी हाई स्कूल में वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के भीतर कुछ शिक्षक टेबल पर चिकन और शराब की बोतलों के साथ पार्टी करते नजर आ रहे हैं. वहीँ स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठने के बाद भी सरकार संवेदनशील नजर नहीं आ रही है, लगातार स्कूलों से ऐसे वीडियो सामने आने के बाद बच्चों पर इसका क्या असर पड़ेगा इसके बावजूद सरकार गंभीर नहीं है,
जिस जगह पर विद्यार्थियों को शिक्षा और संस्कार दिए जाते है. वहीं शिक्षकों की इस हरकत ने लोगों को हैरान कर दिया है. वायरल हो रहे वीडियाे में एक शिक्षक हाथ जोड़ते हुए नजर आ रहे हैं. हाथ जोड़ने के साथ ही आखिरी बार हो गया. कुछ इस तरह का शब्द बोलते हुए माफी मांगते नजर आ रहे हैं. शिक्षकों की शराब पार्टी का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है.
ग्रामीणों के पास भी यह वीडियो पहुंच गया है. इसके चलते ग्रामीणाें की नाराजगी बढ़ने लगी है. शराबी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने और स्कूल से अन्यत्र तबादले की मांग भी ग्रामीण कर रहे हैं.
जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने चार व्याख्याताओं नरेन्द्र लहरें, राजेश धीरहे, राजू साहू, दिनेश चक्रधारी और अंशकालीन स्वीपर चंद्रकुमार रात्रे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. विभाग ने सभी से जवाब मांगा है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है. शिक्षा विभाग का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है. अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
2026-08-07











