शराब के नशे में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, खेत में रोपा लगाने के दौरान विवाद, मारपीट में हुई मौत, आरोपी जगमोहन फरार, तलाश जारी

Spread the love

कोरबा : कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम ठाड़पखना में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की. जिससे उसकी मौत हो गई. यह वारदात शनिवार को खेत में रोपा लगाने के दौरान पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद हुई. मृतका की पहचान गंगोत्री बाई मंझवार उम्र 35 साल के रूप में हुई है. वारदात के बाद आरोपी पति जगमोहन मंझवार मौके से फरार हो गया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम ठाड़पखना निवासी गंगोत्री बाई मंझवार शनिवार को अपने पति जगमोहन मंझवार के साथ खेत में रोपा लगाने गई थी. दोनों के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है. उनके साथ गंगोत्री की करीब डेढ़ साल की बेटी ज्योति मंझवार भी थी. खेत में परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों के साथ मिलकर जुताई और रोपा लगाने का काम चल रहा था. दोपहर करीब 1 बजे कुछ ग्रामीण और परिवार के लोग काम पूरा कर घर की तरफ लौट गए. इसके बाद खेत में गंगोत्री, उसका पति जगमोहन और बच्ची ज्योति ही रह गए.
इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई. शराब के नशे में जगमोहन ने गंगोत्री के साथ मारपीट शुरू कर दी. उसने हाथ और मुक्कों से महिला को बुरी तरह पीटा. मारपीट की घटना देखकर बच्ची ज्योति डर गई और करीब दोपहर 2 बजे घर लौटकर परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों को मामले की चिंता हुई. लेकिन कुछ समय बाद तक खेत से गंगोत्री के घर नहीं लौटने पर उन्होंने जानकारी जुटानी शुरू की.
शाम करीब 4:30 बजे गांव के मान साय मंझवार ने परिजनों को बताया कि गंगोत्री खेत की मेढ़ पर बेहोशी की हालत में पड़ी हुई है और उसका पति जगमोहन भी वहीं बैठा हुआ है. खबर मिलते ही परिजन खेत पहुंचे. उन्होंने गंगोत्री को आवाज देकर उठाने और उससे बातचीत करने की कोशिश की. लेकिन महिला की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद परिजन उसे उठाकर घर लेकर आए. घर पहुंचने के बाद परिजनों को पता चला कि गंगोत्री की मौत हो चुकी है. उसके चेहरे, सिर और माथे पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे.
इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में महिला की मौत मारपीट के दौरान आई गंभीर चोटों के कारण होने की बात सामने आई है. हालांकि मौत की असल वजह की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.
परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया है कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद होते रहते थे. परिजनों का आरोप है कि जगमोहन का गांव की ही महिला शांति बाई के साथ कथित अवैध संबंध था. इसी बात को लेकर गंगोत्री और जगमोहन के बीच अक्सर विवाद होता था. पुलिस इस आरोप को भी जांच का हिस्सा बनाकर पूरे घटनाक्रम की वजह का पता लगाने में जुटी है.
वारदात के बाद आरोपी जगमोहन मंझवार मौके से फरार हो गया. बांगो पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का जुर्म दर्ज कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है.
पुलिस आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. घटनास्थल से मिले सबूतों, चश्मदीदों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Author