छत्तीसगढ़ में राशन लेने का बदला तरीका : अब 24 घंटे मिलेगा चावल, रायपुर-दुर्ग-बिलासपुर में ‘ग्रेन एटीएम’ शुरू, कार्ड की जगह डालना होगा आधार नंबर

Spread the love

रायपुर : छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडएस) को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. अभी यह सुविधा रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जिले के लोगों को मिलेगी, इसके साथ ही छत्तीसगढ़ देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है, जहां ग्रेन एटीएम के माध्यम से हितग्राहियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है.
24 घंटे मिलेगी सुविधा
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के माध्यम से राशनकार्डधारी हितग्राही अब अपनी सुविधा के मुताबिक 24×7 घंटे चावल ले सकेंगे. इसके लिए मशीन की स्क्रीन पर राशनकार्डधारी को अपना आधार नंबर या राशनकार्ड नंबर दर्ज करना होगा और बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न मिल सकेगा. इस सुविधा से उचित मूल्य की दुकानों में राशन लेने के लिए लगने वाली कतार और समय की बाध्यता से हितग्राहियों को राहत मिलेगी.
दूसरे राज्यों के हितग्राहियों को भी सुविधा
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की खासियत यह है कि छत्तीसगढ़ के राशनकार्डधारियों के साथ-साथ दुसरे राज्यों के राशनकार्डधारी भी ‘वन नेशन, वन राशनकार्ड‘ योजना के तहत बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए खाद्यान्न ले सकेंगे. इससे प्रवासी श्रमिकों और अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले हितग्राहियों के लिए भी राशन लेना आसान होगा.
देश का पांचवां राज्य बना छत्तीसगढ़
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम वर्तमान में उत्तराखंड, मेघालय, गुजरात और ओडिशा में संचालित हो रहे हैं. अब छत्तीसगढ़ भी ग्रेन एटीएम संचालित करने वाले राज्यों की लिस्ट में शामिल हो गया है..
2500 किलोग्राम तक खाद्यान्न भण्डारण क्षमता
वर्ल्ड फूड प्रोग्राम की मदद से स्थापित अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की भण्डारण क्षमता करीब 2500 किलोग्राम है. मशीन में चावल की लोडिंग पूरी तरह आटोमेटिक सिस्टम से होगी. बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद मशीन निर्धारित मात्रा में चावल उपलब्ध कराएगी. इससे खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निगरानी को और मजबूत किया जा सकेगा.
गरीब से लेकर हर हितग्राही के लिए समय की बचत
अब हितग्राही अपने अन्य कार्यों के बाद अपनी सुविधा के मुताबिक किसी भी समय राशन ले सकेंगे. ग्रेन एटीएम के उपयोग से समय की बचत होगी और उचित मूल्य दुकानों में भीड़ और कतार की समस्या कम होगी. अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के शुरू होने से छत्तीसगढ़ में राशन वितरण व्यवस्था ज्यादा आधुनिक, सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक बनेगी.

Author