रायपुर में तलवार से केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर दी यह सफाई, शिवसेना प्रमुख धनंजय सिंह परिहार की बर्थडे पार्टी पर उठे सवाल

Spread the love

रायपुर : राजधानी रायपुर के टिटोस क्लब में छत्तीसगढ़ शिवसेना प्रमुख धनंजय परिहार ने अपने जन्मदिन पर तलवार से केक काटा. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आरोप है कि इसी क्लब में रात 12 बजे के बाद भी पार्टी चलने के साथ शराब परोसी जा रही थी. यह मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि क्लब के अंदर बड़ी तादाद में युवक-युवतियां मौजूद हैं. तेज म्यूजिक के बीच पार्टी चल रही है. इसी दौरान शिवसेना प्रमुख केक लेकर पहुंचते हैं और तलवार से केक काटते हैं. आसपास मौजूद लोग जश्न मनाते और वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं.
वहीं, वायरल वीडियो को लेकर शिवसेना प्रमुख धनंजय परिहार ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि यह वीडियो करीब 6 महीने पुराना है. दोस्तों के कहने पर उन्होंने तलवार से केक काटा था. उनका कहना है कि केक काटने का मकसद किसी पर हमला करना नहीं था.
बताया जा रहा है कि करीब 6 महीने पहले शिवसेना प्रमुख धनंजय परिहार का जन्मदिन था. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने टिटोस क्लब में उनका बर्थडे सेलिब्रेट किया. सेलिब्रेशन के दौरान उन्होंने तलवार से केक काटा. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि आधी रात के बाद भी क्लब में युवक-युवतियां पार्टी करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान शराब परोसे जाने की बात भी कही जा रही है. इधर, लोगों का कहना है कि शहर में बार और क्लबों के संचालन के लिए तय नियम हैं. जिनका सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए.
वायरल वीडियो को लेकर ADCP पश्चिम राहुल देव शर्मा ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी. जांच के आधार पर क्लब संचालक सहित वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
सफाई भी आई
देर रात शराब परोसे जाने के आरोप पर उन्होंने कहा कि क्लब में रात 12 बजे तक शराब परोसने का समय निर्धारित है. ग्राहकों को बाहर निकलने में कुछ समय लग जाता है. लेकिन रात 12 बजे के बाद ग्राहकों को शराब नहीं दी जाती. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग ब्लैकमेल करने के लिए लगातार पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं.

Author