गरियाबंद : गरियाबंद के प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस रविवार को पारागांव पुल के पास हादसे का शिकार हो गई. बस अचानक अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर लंबा जाम लग गया.
मिली जानकारी के अनुसार सावन महीने के भूतेश्वरनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस जब पारागांव पुल के पास पहुंची. तभी सड़क और पुल के आसपास की जमीन फिसलन भरी होने से ड्राइवर बस पर कंट्रोल खो बैठा. देखते ही देखते बस पुल से जा टकराई.
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी श्रद्धालु को चोट नहीं आई. बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर हालात को संभालने में मदद की. हादसे की खबर मिलते ही गरियाबंद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बस को हटाने के साथ सड़क पर लगे जाम को खुलवाने की कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने यातायात को सुचारु करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की और कुछ समय बाद आवागमन सामान्य कराया.
बारिश के मौसम और सावन में बढ़ती श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और फिसलन वाले मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.
2026-08-09











