खेत में दर्दनाक हादसा, करंट की चपेट में आने से महिला की मौत, चप्पल-छाता देख परिवार को हुआ शक, परिवार में पसरा मातम, जांच में जुटी नगरी पुलिस

Spread the love

नगरी : धमतरी जिला में तहसील नगरी के ग्राम गाहनासिहार में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे खेत गई एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई. मृतका की पहचान ईश्वरी नरेटी पति यशवंत नरेटी उम्र 40 साल के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक ईश्वरी शनिवार दोपहर खेत गई थी. शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खेत की मेढ़ पर उसका चप्पल और छाता मिला. इससे आशंका होने पर परिवार ने खेत में खोजबीन की तो महिला का शव पड़ा मिला.
खेत में एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है जिसमें करंट आ रहा था। आशंका है कि महिला उसकी चपेट में आ गई. हादसे की खबर मिलने पर सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नगरी सिविल अस्पताल भिजवाया. फिलहाल जांच और मिले सबूतों के आधार पर महिला की मौतकरंट लगने से होना बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Author