छुट्टी लेकर घर जाने निकला 9वीं का छात्र गायब
बलौदाबाजार : बलौदाबाजार जिले में शासकीय छात्रावास से 9वीं कक्षा के एक 15 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है. देवव्रत ध्रुव नाम का छात्र पिछले 13 दिनों से लापता है. काफी तलाश के बाद भी उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
मिली जानकारी के मुताबिक देवव्रत ध्रुव शासकीय प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास अर्जुनी में रहकर पढ़ाई करता था. बताया जा रहा है कि वह छात्रावास से घर जाने के लिए छुट्टी लेकर निकला था. लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा.
परिजनों की तरफ से 3 अगस्त को भाटापारा ग्रामीण थाना में छात्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है. लेकिन अब तक छात्र के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है.
लगातार 13 दिन से छात्र के नहीं मिलने से परिजन चिंतित हैं. मामले में परिजनों ने सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष को पत्र लिखकर छात्र की तलाश में मदद की गुहार लगाई है. परिजन और समाज के लोग छात्र की जल्द सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं. पुलिस छात्र के संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटाकर तलाश में लगी हुई है.
10वीं की दो छात्राएं लापता, मचा हड़कंप, अपहरण का केस दर्ज
बिलासपुर/कोनी : कोनी थाना क्षेत्र के महामाया नगर वार्ड नम्बर 64, बिरकोना में स्कूल की छुट्टी के बाद कक्षा 10वीं में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है. दोनों छात्राएं स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर नहीं पहुंचीं जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. एक साथ दो नाबालिग छात्राओं के गायब होने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया.
परिजनों की शिकायत के आधार पर कोनी थाना पुलिस ने मामले में अपहरण का केस दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस स्कूल से लेकर आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश कर रही है. साथ ही छात्राओं के स्कूल से निकलने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों और घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल दोनों छात्राओं के लापता होने की वजह और उनके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच करते हुए छात्राओं का पता लगाने में जुटी है.











