दुर्ग : मोहन नगर थाना क्षेत्र के बॉम्बे आवास उरला में मंगलवार दोपहर कक्षा 12वीं के एक छात्र ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. घटना के समय छात्र घर पर अकेला था. उसकी बहन के घर पहुंचने के बाद घटना का पता चला. फिलहाल खुदकुशी की वजह का खुलासा नहीं हो सका है. मोहन नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मैहर के मुताबिक मृतक की पहचान पुष्कर चौधरी पिता शिवा चौधरी उम्र 16 साल के रूप में हुई है. पुष्कर कक्षा 12वीं का छात्र था. घटना के समय उसके पिता कपड़ा प्रेस करने के काम से दुकान गए हुए थे. जबकि उसकी मां भी निजी क्षेत्र में काम करती हैं. उसकी बहन ट्यूशन पढ़ने गई हुई थी.
बताया गया कि ट्यूशन से लौटकर जब बहन घर पहुंची तो गेट अंदर से बंद था. उसने इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी. परिजन के पहुंचने के बाद गेट खोलकर अंदर जाने पर पुष्कर फांसी के फंदे पर लटका मिला. परिजनों ने उसे फौरन फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया. लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक का सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसमें लिखा है कि- I AM SO SORRY, ये एक दिन होना था, यही मेरी डेस्टिनी थी. पुलिस द्वारा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. खुदकुशी की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है.
2026-08-11











