दुर्ग : छत्तीसगढ़ के भिलाई में नाबालिग को धमकाकर और जान से मारने की धमकी देकर मामा के घर से सोने के जेवर चोरी करवाने के मामले में पुलिस ने पार्षद के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों में करीब 8 लाख रुपए के सोने के जेवर और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है. यह मामला स्मृतिनगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है
मिली जानकारी के मुताबिक दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान उम्र 32 साल ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई कि करीब 2-3 महीने पहले 17 साल के भांजे को अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने धमकी दी थी. आरोपियों ने नाबालिग पर घर से सोने के जेवर लाने का दबाव बनाया. इसके बाद नाबालिग के जरिए मोहम्मद मोहसीन खान के घर से दो सोने की अंगूठी, एक सोने का हार, एक जोड़ी कान की बाली और एक सोने का मंगलसूत्र चोरी करवाया गया.
जबकि नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कि नाबालिग ने घर से एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां चोरी कर अनुराग कुर्रे को दे दी थीं.
पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा
शिकायत के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ की. पूछताछ और जांच के आधार पर आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सोने के जेवर बरामद किए गए.
दोनों मामलों में 8 लाख का सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में कुल करीब 8 लाख रुपए की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है. बरामद सामान में सोने की अंगूठियां, हार, कान की बालियां, मंगलसूत्र और अन्य चोरी का सामान शामिल है.
ऐसे करते थे वारदात
आरोपी नाबालिग को धमकाकर उसके जरिए घर से सोने के जेवर लाने का दबाव बनाते थे. नाबालिग के लाए गए जेवर आरोपी अपने कब्जे में ले लेते थे. पुलिस ने तकनीकी जानकारी और जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर चोरी का सामान बरामद किया है.
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने भिलाई के वार्ड नंबर 6 के पार्षद रविशंकर कुर्रे के बेटे अनुराग कुर्रे उम्र 32 साल, करन सोनी उम्र 25 साल और रोहित गुप्ता उम्र 23 साल को गिरफ्तार किया है. अनुराग कुर्रे पर नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप पर पैसे लगाने की आदत डालने का आरोप है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
पुलिस ने लोगों से अपील किया कि अगर किसी नाबालिग बच्चे पर धमकी या दबाव बनाकर उसे किसी जुर्म में इस्तेमाल करने की जानकारी मिले तो फौरन पुलिस को खबर दें. समय पर खबर मिलने से पुलिस चोरी की संपत्ति बरामद करने और आरोपियों पर कार्रवाई करने में तेजी ला सकती है.
आरोपी
अनुराग कुर्रे पिता रविशंकर कुर्रे उम्र 18 साल निवासी संजय नगर कुम्हार पारा राहुल किराना के पास सुपेला थाना सुपेला जिला दुर्ग
करन सोनी पिता प्रहलाद सोनी उम्र 25 साल निवासी दीपक किराना स्टोर्स के पास भीम नगर वार्ड नम्बर 10 सुपेला थाना सुपेला जिला दुर्ग
रोहित गुप्ता पिता स्व उमेश गुप्ता 23 साल साकिन. संजय पारा भगत सिंह चौक वार्ड नम्बर 15 सुपेला थाना सुपेला जिला दुर्ग
2026-08-11











