धमतरी/कुरुद : स्कूटी की चाबी देने से मना करने पर एक युवक द्वारा नाबालिग लड़के से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने और धारदार ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है. मामले में कुरूद पुलिस ने 20 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार ब्लेड भी बरामद किया है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम बिरेतरा निवासी कंशु राम साहू ने थाना कुरूद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 अगस्त 2026 को उनका नाबालिग बेटा गांव के स्कूल के सामने स्थित गार्डन में बैठा हुआ था. इसी दौरान गांव का नंदलाल उर्फ नंदु ध्रुव वहां पहुंचा और नाबालिग युवक से उसकी मेस्ट्रो स्कूटी की चाबी मांगने लगा.
नाबालिग द्वारा चाबी देने से मना करने पर आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार ब्लेड से नाबालिग के बाएं हाथ की कलाई पर वार कर दिया. हमले में नाबालिग घायल हो गया और उसकी कलाई से खून निकलने लगा.
मामला दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
प्रार्थी की शिकायत पर थाना कुरूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296(ख), 118(1), 351(2) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना कुरूद पुलिस ने आरोपी की पतासाजी के लिए टीम सक्रिय की.
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नंदलाल उर्फ नंदु ध्रुव पिता रामजी ध्रुव उम्र 20 साल निवासी ग्राम बिरेतरा, थाना कुरूद, जिला धमतरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
वारदात में इस्तेमाल ब्लेड बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार ब्लेड को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत बरामद कर जब्त किया. आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपी
नंदलाल उर्फ नंदु ध्रुव पिता रामजी ध्रुव,उम्र 20 साल निवासी ग्राम बिरेतरा, थाना कुरूद, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)
2026-08-11











