गरियाबंद में गूंजा देशभक्ति का जुनून, तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले नर्सिंग-कॉलेज और स्कूल के छात्र-छात्राएं, पुलिस अधिकारियों ने भी बढ़ाया बच्चों का उत्साह

Spread the love

गरियाबंद : देशभक्ति के जज्बे और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ गरियाबंद शहर में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. नर्सिंग कॉलेज सहित कई स्कूलों के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया. तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
यात्रा की शुरुआत गांधी मैदान से हुई। हाथों में लहराते तिरंगे, देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष के साथ छात्र-छात्राएं कतारबद्ध होकर आगे बढ़े. यात्रा गौरव पथ से होते हुए बस स्टैंड और तिरंगा चौक पहुंची. रास्ते भर लोगों ने भी तिरंगा यात्रा को उत्सुकता से देखा और बच्चों का उत्साह बढ़ाया.
इस दौरान गरियाबंद के डीएसपी गोपाल वैश्य और थाना प्रभारी शिशिर पांडे भी बच्चों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में शामिल हुए. दोनों पुलिस अधिकारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा की अगुवाई की. पुलिस अधिकारियों को बच्चों के बीच तिरंगा लहराते और उनके साथ चलते देख छात्र-छात्राओं में भी खासा उत्साह नजर आया.
तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों ने देशभक्ति से जुड़े नारे लगाए और राष्ट्रीय एकता एवं देशप्रेम का संदेश दिया. यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. कई स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और तिरंगे के सम्मान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई.
तिरंगा चौक पहुंचने के बाद यात्रा पुनः गांधी मैदान की तरफ रवाना हुई. जहां पहुंचकर यात्रा का समापन किया गया. इस दौरान आयोजन से जुड़े शिक्षकों, नर्सिंग कॉलेज के स्टाफ और पुलिसकर्मियों ने बच्चों को अनुशासन के साथ यात्रा पूरी कराने में सहयोग किया.
यात्रा का मकसद छात्र-छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा. बच्चों की बड़ी तादाद में भागीदारी ने यह संदेश दिया कि देश के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना नई पीढ़ी में भी पूरी मजबूती के साथ कायम है.
गरियाबंद की सड़कों पर लहराते तिरंगे और बच्चों के जोशीले नारों ने शहर में ऐसा माहौल बनाया कि कुछ देर के लिए पूरा शहर मानो देशभक्ति के रंग में रंग गया.

Author