अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने सपत्नीक निकाली भव्य पंचकोशी यात्रा
अभनपुर/राजिम : सावन मास के पावन अवसर पर अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने सपत्नीक भव्य बोलबम पंचकोशी यात्रा निकाली। यात्रा की शुरुआत ग्राम सरखी स्थित सारखेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के साथ हुई. इस दौरान विधायक ने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेकर अभनपुर विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनता के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
विधायक इंद्र कुमार साहू के साथ सैकड़ों चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों में हजारों की संख्या में शिवभक्त एवं समर्थक बोलबम के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए. यात्रा का अनेक जगहों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया.
पंचमहादेव के दरबार में पहुंचे विधायक
बोलबम पंचकोशी यात्रा के दौरान विधायक इंद्र कुमार साहू ने अभनपुर क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की. ग्राम सरखी से यात्रा ग्राम पटेवा स्थित पटेश्वर महादेव मंदिर पहुंची. जहां विधायक ने भगवान पटेश्वर नाथ का पूजन कर क्षेत्र की समृद्धि की कामना की.
इसके बाद यात्रा राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित श्री कुलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची. यहां विधायक ने त्रिवेणी संगम का पवित्र जल लेकर भगवान कुलेश्वर महादेव का विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की. उन्होंने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति, अच्छी वर्षा, किसानों की खुशहाली और सभी परिवारों के जीवन में समृद्धि की कामना की.
इसके बाद बोलबम यात्रा चंपारण स्थित चम्पेश्वर महादेव मंदिर पहुंची. जहां दर्शन-पूजन के बाद यात्रा का अंतिम पड़ाव ग्राम छटेरा स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर रहा. यहां पूजा-अर्चना के साथ पंचकोशी बोलबम यात्रा का समापन किया गया. पूरी यात्रा के दौरान हजारों शिवभक्त विधायक के साथ चलते रहे. जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया. इस अवसर पर सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश ढीढी सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त, भाजपा कार्यकर्ता एवं विधायक के समर्थक मौजूद रहे.
क्षेत्र की खुशहाली की कामना
इस अवसर पर विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ की आराधना और आस्था का पर्व है. बोलबम पंचकोशी यात्रा के माध्यम से उन्होंने भगवान शिव के प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की.
उन्होंने कहा, “भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे। हमारे क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली आए, किसानों के खेतों में अच्छी फसल हो और प्रत्येक परिवार स्वस्थ एवं प्रसन्न रहे. यही मेरी कामना है। सावन के इस पवित्र अवसर पर पंचकोशी यात्रा में जिस तरह हजारों शिवभक्तों का आशीर्वाद और सहभागिता मिली, वह मेरे लिए अत्यंत भावुक और गौरव का विषय है.
विधायक ने यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “हम सब मिलकर अपने क्षेत्र को विकास, शांति और समृद्धि की दिशा में आगे ले जाने का संकल्प लें. बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे.
गरियाबंद में बरसते पानी में कांवड़ियों की सेवा ने जीता दिल
गरियाबंद : सावन के तीसरे सोमवार को बाबा भूतेश्वरनाथ धाम में उमड़ी आस्था की भीड़ के बीच श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल, गरियाबंद की सेवा भावना ने लोगों का दिल जीत लिया. बरसते पानी के बीच समिति के सदस्यों ने भूतेश्वरनाथ रोड पर कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर लगाकर चाय-बिस्किट, विश्राम की व्यवस्था के साथ विशेष सेवा किट तैयार की.
कांवड़ लेकर बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की थकान दूर करने के लिए समिति के सदस्यों ने गर्म पानी से उनके पैर धोए और मूव लगाकर पैर दबाए. इसके बाद कांवड़ियों को चाय-बिस्किट खिलाकर विश्राम कराया गया. सेवा का यह दृश्य देखकर राहगीर भी समिति के सदस्यों की सराहना करते नजर आए.
प्रहलाद यादव ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना बाबा भूतेश्वरनाथ की सेवा के समान है. सावन के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को थोड़ी राहत और अपनापन देना ही समिति का उद्देश्य है.
नमन सेन ने कहा कि सावन के पावन महीने में बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन के लिए दूर-दूर से आने वाले कांवड़ियों की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है. बरसते पानी में भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही सेवा करने का जज्बा और बढ़ जाता है. गर्म पानी से पैर धोना, मूव लगाकर थकान दूर करना, चाय-बिस्किट और विश्राम की व्यवस्था करना हमारी छोटी-सी कोशिश है. श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल का उद्देश्य है कि बाबा के भक्तों को रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो और वे सुखद अनुभव के साथ बाबा भूतेश्वरनाथ का जलाभिषेक कर सकें.
वहीं कन्हैया कश्यप ने कहा कि बरसते पानी में भी सेवा का उत्साह कम नहीं हुआ और कांवड़ियों की हरसंभव मदद करना समिति के लिए सौभाग्य की बात है.
सावन के दौरान बाबा भूतेश्वरनाथ धाम में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंचते हैं. तीसरे सोमवार को गरियाबंद से लेकर भूतेश्वरनाथ धाम तक पूरा क्षेत्र बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा. पांडुका से मोहरा, माजरकट्टा और शिव मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह सेवा स्टॉल लगाए गए हैं. जहां भोजन, चाय-पानी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. प्रशासन और पुलिस भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर मुस्तैद नजर आई.
श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल की इस सेवा में नमन सेन, विक्कू सिन्हा, अंकित सिन्हा, प्रेम यादव, शेष नारायण सिन्हा, सागर सिन्हा, वंश दासवानी, मुकेश रावत, बिट्टू सिन्हा, शुभम यादव सहित समिति के सदस्य सक्रिय रहे.











