गरियाबंद/छुरा : गरियाबंद जिला में छुरा विकासखंड के ग्राम पलेमा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पलेमा के जंगल में एक व्यक्ति का नर कंकाल बरामद हुआ है. मृतक की पहचान भक्तु राम जगत, उम्र करीब 50 साल के रूप में बताई जा रही है. फिलहाल मौत की असल वजह का खुलासा नहीं पाया है.
मिली जानकारी के मुताबिक भक्तु राम जगत 7 अगस्त को जंगल की तरफ गया था. लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा. परिजनों ने फौरन पुलिस को खबर नहीं दी. बताया जा रहा है कि वह पहले भी तीन-चार दिनों तक घर से बाहर रहता था और बाद में वापस लौट आता था. जिसकी वजह से परिजनों को उसके लापता होने की तत्काल आशंका नहीं हुई.
इसी बीच 17 अगस्त को छुरा थाना पुलिस को खबर मिली कि पलेमा के जंगल में एक व्यक्ति का नर कंकाल पड़ा हुआ है. खबर मिलते ही छुरा थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने नर कंकाल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जंगली जानवर के हमले की आशंका, लेकिन पुष्टि नहीं
ग्रामीणों के मुताबिक पलेमा के जंगल क्षेत्र में जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है. घटनास्थल से मिले कुछ सामान और हालात को देखते हुए ग्रामीण जंगली जानवर के हमले की आशंका जता रहे हैं. करीब एक हफ्ते बाद सिर्फ नर कंकाल मिलने की वजह से यह संभावना भी जताई जा रही है कि शरीर को जंगली जानवरों ने क्षत-विक्षत किया होगा.
हालांकि जंगली जानवर के हमले से मौत होने की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मौत की वजह का सहीं खुलासा पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा.
जांच के बाद सामने आएगी मौत की असल वजह
फिलहाल छुरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. अगर जांच में जंगली जानवर के हमले की पुष्टि होती है तो जंगल क्षेत्र में सुरक्षा और वन्यजीवों की निगरानी को लेकर भी कई सवाल खड़े हो सकते हैं.
फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने का इंतजार है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भक्तु राम जगत की मौत किन हालात में हुई और जंगल में उसकी मौत की असल वजह क्या थी.
जंगल में जमीन के अंदर मिला सड़ा-गला शव, हत्या की आशंका
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. मोहरसोप चौकी क्षेत्र के भेलाभाट जंगल में जमीन के अंदर दफन एक अज्ञात युवक का सड़ी-गली हालत में शव मिला है. शव मिलने की खबर के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत संदिग्ध हालत में हुई है. और सबूत छिपाने के मकसद से शव को जंगल में दफन किया गया होगा. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है. मौत की असल वजह का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
ग्रामीणों ने दी पुलिस को खबर
मिली जानकारी के मुताबिक मोहरसोप चौकी से करीब 4 से 5 किलोमीटर दूर भेलाभाट जंगल में कुछ ग्रामीणों की नजर जमीन के अंदर दबे शव पर पड़ी. शव काफी पुराना होने की वजह से पूरी तरह सड़-गल चुका था और उससे तेज बदबू आ रही थी. ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी खबर पुलिस को दी. खबर मिलते ही मोहरसोप चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की.
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाला गया शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्यवाहक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को जमीन से बाहर निकलवाया. इस दौरान घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. शव काफी पुराना होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है.
FSL टीम ने जुटाए सबूत
पुलिस जांच में किसी भी तरह की लापरवाही न हो. इसके लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. FSL टीम ने घटनास्थल से जरुरी सबूत जुटाए. पुलिस अब इन सबूतों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है.
हत्या के बाद शव दफनाने की आशंका
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से शव जमीन के अंदर दबा हुआ मिला है. उससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं. आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को जंगल में दफन किया गया हो. हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजह और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस की पहली प्राथमिकता मृतक की पहचान करना है. इसके लिए आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है. इसके अलावा पुलिस आसपास के गांवों और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक कौन था. वह भेलाभाट जंगल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.
जांच जारी
सूरजपुर पुलिस ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू को ध्यान में रखते हुए की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सबूतों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल जंगल में मिले अज्ञात शव ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस मृतक की पहचान के साथ घटना की पूरी गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है.











