शराब दुकान के पास मारपीट, इलाज के दौरान युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस, हिरासत में संदिग्ध आरोपी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Spread the love

दुर्ग /पाटन: दुर्ग जिले के पाटन में बुधवार को शराब दुकान के सामने युवक से मारपीट का मामला सामने आया है. मारपीट में गंभीर रूप से घायल 22 साल के रुपेश वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई. रुपेश ग्राम फुंडा का रहने वाला था और पाटन शराब दुकान के अहाते में काम करता था.
मिली जानकारी के मुताबिक रुपेश शराब दुकान के अहाते में काम कर रहा था. इसी दौरान एक युवक अपने पिता के साथ शराब दुकान पहुंचा. किसी बात को लेकर उसका रुपेश से विवाद हो गया. आरोप है कि युवक रुपेश को शराब दुकान के पास स्थित नर्सरी की तरफ ले गया और वहां करीब आधे घंटे तक उसके साथ मारपीट की.
सिर, सीने और गुप्तांग में लगी चोट
मारपीट में रुपेश के सिर, सीने और गुप्तांग में गंभीर चोटें आईं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने मारपीट रोकने की कोशिश की थी या नहीं.
112 की टीम घायल को अस्पताल ले गई
पाटन थाना प्रभारी के मुताबिक, घटना की खबर मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घायल रुपेश को पाटन अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले गए. कुछ समय बाद रुपेश की तबीयत फिर बिगड़ गई. परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
चीचा निवासी युवक पर शक
मारपीट करने वाले संदिग्ध युवक को ग्राम चीचा का निवासी बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने उसके नशे का आदी होने की बात कही है. घटना के समय भी उसके नशे में होने की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
संदिग्ध युवक थाने में, पुलिस कर रही जांच
थाना प्रभारी ने बताया कि 112 की टीम संदिग्ध युवक को पाटन थाने लेकर पहुंची है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मारपीट की वजह क्या थी. घटना में और कौन लोग शामिल थे और रुपेश की मौत किन चोटों के कारण हुई. इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?

Author