नवापारा-राजिम : रायपुर जिला के नवापारा में हर साल की तरह पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर इमदाद फाउंडेशन द्वारा पांच दिवसीय सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है. 23 अगस्त, रविवार को सुबह 10 बजे से सर्व समाज के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर प्रथमेश हॉस्पिटल की मदद से लगाया गया था.
प्रथमेश हॉस्पिटल के टीम ने दी सेवा
इस शिविर में नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी तादाद में लोग पहुंचे और स्वास्थ्य लाभ लिया. इमदाद फाउंडेशन के एजाज खत्री ने बताया कि शिविर में सैकड़ों लोगों ने पंजीयन कराकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई. शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा बीपी, शुगर, सामान्य जांच सहित अन्य स्वास्थ्य परामर्श निःशुल्क दिया गया. इमदाद फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि पैगंबर साहब का जीवन मानवता, प्रेम और सेवा का संदेश देता है. इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के मकसद से फाउंडेशन हर साल ईद मिलादुन्नबी पर सेवा कार्यों का आयोजन करता है.
पांच दिनों का है आयोजन, 25 को होगा सम्मान समारोह का आयोजन
पांच दिवसीय इस कार्यक्रम में आगे भी रक्तदान शिविर, शिक्षा सामग्री वितरण, गरीबों को राशन वितरण और धार्मिक तकरीर जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. ।वहीं आगामी आयोजन 24 अगस्त, सोमवार को सुबह 10 बजे सभी अस्पतालों के मरीजों को फल वितरण किया जाएगा. दोपहर 3 बजे महिलाओं के लिए मिलाद प्रोग्राम रखा गया है. 25 अगस्त, मंगलवार को शाम 6 बजे सभी समाज प्रमुखों, विधायक, अध्यक्ष, डॉक्टर, पत्रकार, शिक्षक, पार्षद आदि के सम्मान समारोह का आयोजन होगा. रात 8 बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा.
पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की सीरत पर चलें और समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम फैलाएं.. फाउंडेशन
कार्यक्रम के आख़री दिन 26 अगस्त, बुधवार को सुबह 9 बजे कॉलोनी से निकलकर जामा मस्जिद की ओर जुलूस निकाला जाएगा. फाउंडेशन ने सभी नागरिकों से अपील किया है कि वे पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की सीरत पर चलें और समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम फैलाएं. फाउंडेशन का असल मकसद सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और इंसानियत के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है.
24 अगस्त को बच्चों का नातिया कम्पीडीशन का प्रोग्राम आयोजित किया गया. जिसमे द्गेर सारे बच्चों ने हिस्सा लिया. इस प्रोग्राम में हिस्सा लेने वाले बच्चों को इनाम दिया जाएगा. साथ ही जामा मस्जिद नवापारा में खोखर परिवार की तरफ से आम लंगर का एहतेमाम किया गया.
2026-08-23











