मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में आसमानी बिजली की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा ग्राम पंडरभठ्ठा मुख्य मार्ग पर उस समय हुआ जब महिला सड़क पर पैदल चल रही थी. तभी ऊपर से अचानक आसमानी बिजली गिर गई. हादसे में महिला गंभीर रूप से झुलस गई. महिला के परिजनों को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली. वह उसे लेकर अस्पताल पहुंचे. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह पूरा दिल दहला देने वाला मंजर सामने की दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया. वीडियो में महिला के ऊपर बिजली गिरते और वह उसकी चपेट में आते दिखाई दे रही है.
मिली आनकारी के मुताबिक 23 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे मृतका गीता बाई पटेल उम्र 45 साल अपने खेत से काम कर वापस अपने सिर पर बर्तन लेकर पैदल घर लौट रही थी. तभी खराब मौसम के बीच अचानक गिरी आसमानी बिजली की चपेट में आ गई. इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है.
बिजली गिरने से पति-पत्नी की मौत
वहीं, छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आकाशीय बिजली गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई. हादसा शनिवार रात का है. जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटरा ढपनीपानी गांव में आसमानी बिजली गिरने से मंगल सिंह उम्र 45 साल और उसकी पत्नी बिरस्पतिया बाई उम्र 40 साल की मौत हो गई.
गांव में मंगल बिरस्पतिया के साथ घर पर मौजूद थे. इस दौरान तेज बारिश शुरू हो गई और उनके मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई. इस हादसे में पति पत्नी दोनों वहीं गिर गए. हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया. जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बता दें कि ऐसा ही एक हादसा बिहार के बांका जिले से सामने आया था. यहां धान रोपने के दौरान आसमानी बिजली की चपेट में आने से 3 महिलाओं की मौत हो गई थी.
https://www.youtube.com/shorts/DP4iTRrl3v4
2026-08-24











