तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मोटर साइकिल के बीच जोरदार टक्कर, भीषण सड़क हादसे में दो की मौत, एक घायल, गांव में शोक की लहर, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

कोरबा : खोरडी मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में ग्राम सराइसिंगार निवासी दो लोगों की मौत हो गई. जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय जनपद सदस्य फुलचंद कश्यप ने घायल के इलाज के लिए मदद का हाथ बढ़ाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.
मिली जानकारी के मुताबिक फूल सिंह पिता दौलत सिंह, नरसिंह सिंह पिता फूल सिंह और यशवंत सिंह पिता स्व कमल सिंह मोटरसाइकिल नम्बर CG 12 BJ 5644 से ग्राम सराइसिंगार से गेवरा की तरफ़ जा रहे थे. इसी दौरान खोरडी मोड़ के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई.
हादसा इतना भीषण था कि फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल नरसिंह सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं, यशवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज जारी है.
हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय जनपद सदस्य फुलचंद कश्यप ने घायल के इलाज के लिए मदद कराने की पहल की. उन्होंने पीड़ित परिवार को भी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. हादसे की खबर से ग्राम सराइसिंगार में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

Author