रक्षाबंधन की रात खूनी खेल, बिरयानी खाने निकले युवक पर पुरानी रंजिश में चाकू से हमला कर हत्या, एक नाबालिग समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

दुर्ग : दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के चंडी मंदिर नयापारा रोड में रक्षाबंधन की रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गाली-गलौज का विरोध करने पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला करने के साथ ही पत्थर से भी वार किया. गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक रक्षाबंधन की रात करीब 10:30 बजे धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ किसी ढाबे से बिरयानी खाकर मोटर साइकिल से घर लौट रहा था. इसी दौरान चंडी मंदिर नयापारा रोड पर उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने धन्ना चौधरी पर चाकू से हमला कर दिया. इस दौरान पत्थर से भी वार किए जाने की बात सामने आई है.
जानलेवा हमले में धन्ना चौधरी के शरीर से काफी खून बह गया. उसके साथियों ने नाजुक हालत में उसे ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
वारदात की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है. इनमें एक नाबालिग है. जबकि दूसरा आरोपी कोमल ढीमर उम्र 19 साल चंडी मंदिर क्षेत्र का निवासी है.
नागपंचमी के दिन भी हुआ था विवाद
नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था. 17 अगस्त को नागपंचमी के दिन दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था. इसी पुरानी रंजिश के चलते रक्षाबंधन की रात करीब 10:30 बजे दोनों पक्षों का आमना-सामना हुआ और विवाद के दौरान धन्ना चौधरी पर चाकू से हमला कर दिया गया.
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

Author