कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ 30 साल के डॉक्टर डॉ. एल्विन वे की संदिग्ध हालत में मौत से सनसनी फैल गई. 29 अगस्त की शाम उनका शव अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में नायलॉन की रस्सी के फंदे पर लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी.
मिली जानकारी के मुताबिक डॉ. एल्विन अस्पताल परिसर में मिले कर्मचारी आवास में अकेले रहते थे. 29 अगस्त की सुबह उनकी ओपीडी में ड्यूटी थी. लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे. अस्पताल स्टाफ ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की. लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. शाम तक जब डॉक्टर से संपर्क नहीं हो पाया तो कर्मचारी उनके आवास पहुंचे. दरवाजा अंदर से बंद था. काफी प्रयास के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर खिड़की का कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया. बाथरूम में डॉक्टर का शव फंदे पर लटका मिला.
हाथ पर मिले चोट के निशान
पुलिस की शुरुआती जांच में डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि उन्होंने पहले सर्जिकल ब्लेड से खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की और इसके बाद फंदा लगाया. हालांकि मौत की असल वजह को लेकर पुलिस ने अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं. डॉक्टर की मौत से पहले की परिस्थितियों और उनके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.
दो साल से युवती से था प्रेम संबंध
जांच के दौरान डॉक्टर के निजी जीवन से जुड़ा एक पहलू भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन का कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो साल से प्रेम संबंध था. दोनों की मुलाकात कोचिंग के दौरान हुई थी. परिवार भी दोनों के रिश्ते और शादी के लिए तैयार बताए जा रहे थे. डॉ. एल्विन 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे. वहां उन्होंने युवती की मां और भाई से मुलाकात की थी. 12 अगस्त को पालक्काड स्थित एक चर्च में शादी के लिए आवेदन भी किया गया था. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और कथित तौर पर रिश्ता टूट गया…
2026-08-30











