Spread the love

कोरबा : कोरबा जिले में पानी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई. दोनों घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुईं. कटघोरा के नवागांव में 88 साल की बुजुर्ग महिला तालाब में डूब गई. वहीं, उरगा थाना क्षेत्र के चितापाली गांव में 21 साल के युवक का शव नाले में मिला. पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
तालाब में डूबी 88 साल की महिला
पहली घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के नवागांव की है. यहां 88 वर्षीय परागा बाई की तालाब में डूबने से मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम करीब 4 बजे वह घर से निकलकर गांव के तालाब की ओर गई थी. इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें तालाब के पानी में डूबते हुए देखा. ग्रामीणों की मदद से राज और देव प्रसाद बेला ने उन्हें पानी से बाहर निकाला. इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
उम्र ज्यादा होने की वजह से महिला तालाब के गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की है और एसडीएम को भी खबर दी गई है.
नाले में मिला 21 साल के युवक का शव
दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के चितापाली गांव की है. यहां सोमवार को डोम नाला के पास 21 वर्षीय संजय धनवार पिता सुख सिंह धनवार, निवासी ग्राम चितापाली का शव मिला. बताया जा रहा है कि संजय एक दिन से घर नहीं लौटा था। इसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. नाले के पास युवक का शव मिलने की खबर पुलिस को दी गई. उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

Author