छत्तीसगढ़ में कथित तौर पर आबकारी घपले के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से उत्तरप्रदेश के कासना थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है कि दो आईएएस, एक आईटीएस तथा एक कारोबारी और यूपी के होलोग्राम प्रिंटर ने मिलकर डुप्लीकेट होलोग्राम बनवाए और शराब की बोतलों में लगवाए। ऐसा करके राज्य शासन को 1200 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया गया है। इस मामले में ईडी की रिपोर्ट पर यूपी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दफा 420, 468, 471, 473, 484 और आपराधिक साजिश यानी 120-बी के तहत केस रजिस्टर किया है। बताते हैं कि होलोग्राम प्रिंटर कंपनी के संचालक से यूपी पुलिस ने इस केस के सिलसिले में पूछताछ भी की है।
ईडी ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि संबंधित लोगों ने मिलकर सबसे पहले अपात्र कंपनी को होलोग्राम सप्लाई का ठेका दिया। इसके बाद सीरियल नंबर पर नकली होलोग्राम बनाए। इन्हें शराब की बोतलों में लगाकर सीधे दुकान में पहुंचा दिया गया। कंपनी को 80 करोड़ होलोग्राम की सप्लाई का ठेका दिया गया। ईडी के मुताबिक हर होलोग्राम पर 8 पैसे का कमीशन था। इससे राज्य सरकार को 1200 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ और आरोपियों की मोटी कमाई हुई है।
इस केस में हाल में रिटायर्ड हुए आईएएस अनिल टुटेजा और निरंजन दास हैं। दास पिछले माह तक प्रदेश के आबकारी आयुक्त थे। इनके साथ पूर्व आबकारी सचिव एपी त्रिपाठी (जेल में), कारोबारी अनवर ढेबर (जमानत पर) तथा होलोग्राम प्रिंटर विधु गुप्ता को भी आरोपी बनाया गया है। ईडी ने कोल परिवहन के बाद आबकारी गड़बड़ी में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में अफसरों और कारोबारियों को मिलाकर पांच लोगों की गिरफ्तारी की गई है। उधर, छत्तीसगढ़ शासन ने भी आबकारी गड़बड़ी के मामले में पिछली सरकार के दौरान पदस्थ जिला आबकारी अधिकारियों समेत 80 से ज्यादा जिम्मेदार अफसरों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुला लिया है।
ईडी ने पूर्व विशेष सचिव त्रिपाठी के अलावा बीएसपी कर्मचारी अरविंद सिंह, कारोबारी त्रिलोक सिंह उर्फ पप्पू ढिल्लन, नीतेश पुरोहित और कारोबारी अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया था। मेडिकल ग्राउंड पर अनवर को जमानत मिली है, बाकी आरोपी रायपुर जेल में हैं। ईडी ने इनकी 180 करोड़ की संपत्ति अटैच की है।
नोएडा में हुई एफआईआर से
ईडी के डिप्टी डायरेक्टर हेमंत कुमार ने नोएडा (यूपी) के कासना थाना में 30 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा गया कि आबकारी विभाग ने 2019 में होलोग्राम सप्लाई के लिए टेंडर निकाला था। इसमें कई कंपनियां शामिल हुए। लेकिन नियमों को दरकिनार कर नोएडा के कारोबारी गुप्ता की कंपनी प्रिज्म होलोग्राफी सिक्योरिटी फिल्म्स को टेंडर दिया गया, जबकि कंपनी अपात्र थी। इस कंपनी के मालिकों ने छत्तीसगढ़ के तत्कालीन आला अफसरों की कथित मिलीभगत से काम किया।
ईडी का दावा है कि कारोबारी विधू ने बयान दिया है कि उसे छत्तीसगढ़ के अफसर-कारोबारी टेलीफोन पर सीरियल नंबर देते थे। यह नंबर उन होलोग्राम के होते थे, जो पहले ही छपकर बोतलों में लग चुके होते थे, यानी डुप्लीकेसी की जाती थी। इन नंबरों के दोबारा होलोग्राम बनाकर छत्तीसगढ़ भेजे जाते थे। यहां इन्हें बोतलों में लगाकर दुकानों में भेज दिया जाता था।
एफआईआर को कोर्ट में चुनौती संभव
उत्तरप्रदेश में आईपीसी के तहत चारसौबीसी दर्ज होने के बाद अब उत्तरप्रदेश पुलिस नए सिरे से मामले की जांच करेगी। इस एफआईआर को तब किया गया है जब सुप्रीम कोर्ट ने ईडी की जांच पर रोक लगा दी है। ऐसे में जिनको अभी आरोपी बनाया गया है वे सभी उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई को न्यायालय में चुनौती दे सकते हैं। इस केस में आईटी और ईडी के बाद अब यूपी पुलिस भी शामिल हो गई है।









