फ्रॉड चिटफंड कंपनियों के जाल में फंसकर 12 साल पहले लाखों गंवाने वाले 13 हजार पीड़ितों को उनके डूबे पैसे मिलेंगे। तीन कंपनियों गोल्ड की इन्फ्रा-वेंचर, निर्मल इंफ्रा होम कार्पोरेशन भोपाल और आरोग्य धनवर्षा डेवलपर्स कंपनी की प्रॉपर्टी बेचकर प्रशासन ने करीब 1 करोड़ 44 लाख जुटाए हैं। बुधवार को यही पैसे साढ़े 13 हजार से ज्यादा पीड़ितों काे बांटे जाएंगे। फ्रॉड कंपनी से लेन-देन के दस्तावेजों की जांच के बाद ही पीड़ितों के खो में पैसे ट्रांसफर किया जाएंगे।
यानी पैसों के लिए पीड़ितों को भटकना नहीं पड़ेगा। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इन तीन कंपनियों के अलावा क्रीम इंफ्रा लिमिटेड के 1 करोड़ 54 लाख की संपत्ति की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पैसे प्रशासन के खाते में जमा हैं। जिला प्रशासन ने 484 निवेशकों की सूची तैयार की है। एक सप्ताह के भीतर क्रीम इंफ्रा लिमिटेड कंपनी का पैसा पीडितों के खाते में जमा किया जाएगा।
एक साल से पड़ा था शासन के खाते में पैसा
गोल्ड की इन्फ्रा-वेंचर लिमिटेड एवं डेसीड बेनीफिट लिमिटेड की संपत्तियों की नीलामी से प्रशासन को 81 लाख, निर्मल इंफ्रा होम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की संपत्ति की नीलामी से 51 लाख 51 हजार, आरोग्य धनवर्षा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड की संपत्ति की नीलामी से करीब 1 करोड़ 44 लाख मिले हैं। यह पैसा शासकीय खाते में पिछले एक साल से जमा था। निवेशकों से कई बार पैसा जमा करवाने के दस्तावेजों की मांग की गई थी। पीड़ित दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवा पा रहे थे। इस वजह से पीड़ितों को पैसा नहीं मिल पा रहा था।
दिव्यानी के निवेशकों को मिला है पैसा
देवयानी चिटफंड कंपनी के निवेशकों को राशि लौटाने की सारी तैयारी जिला प्रशासन ने पूरी कर ली है। देवयानी चिटफंड कंपनी की प्रापर्टी नीलामी से जिला प्रशासन को 4 करोड़ 14 लाख की संपत्ति की नीलामी की है। इसमें रायपुर जिले के अलावा राजनांदगांव, बेमेतरा समेत कुछ अन्य क्षेत्रों के निवेशकों को राशि लौटाई गई है।
पीड़ितों का चयन सबसे बड़ी चुनौती
जिला प्रशासन के पास चिटफंड कंपनियों के निवेशकों ने भारी संख्या में आवेदन जमा किया है, लेकिन ज्यादातर निवेशकों के पास इसका रिकार्ड नहीं है कि किस पीड़ित ने कितनी रकम जमा की है। इसकी रशीद फार्म में नहीं लगी है। ऐसे में निवेशकों को पैसा लौटाना जिला प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बन गई थी। प्रशासन ने इसके लिए पटवारियों की ड्यूटी लगाई। पटवारी घर-घर जाकर रशीद कलेक्ट किए उसके बाद निवेशकों की सूची तैयार हुई।
ऑनलाइन जमा कराया जाएगा
चिटफंड कंपनियों ने निवेशकों को पांच साल में दोगुना रकम देने का झांसा देकर उनको जोड़ा था। निवेशकों को कंपनी से जोड़ने वाले एजेंट को भी मोटा कमीशन दिया जाता था। निवेशकों की पॉलिसी की अवधि पूरी होने के कुछ दिन पहले ही डायरेक्टर आफिस में ताला लगाकर भाग निकले। रायपुर जिले में 274 चिटफंड कंपनियों के खिलाफ अपराध दर्ज हैं। इसमें 3 लाख 19 हजार 739 निवेशकों के आवेदन जिला प्रशासन के पास जमा हैं। इन पीड़ितों का करीब 10 अरब 32 करोड़ 99 लाख लौटाना है। वर्तमान में जिला प्रशासन 9 हजार 866 निवेशकों को 4 करोड़ 14 लाख रुपये वापस दिलवा चुका है।
इन कंपनियों ने लाया स्टे मामला न्यायालय में लंबित
- एचबीएन डेयरी कंपनी की 10 करोड़ 30 लाख रुपये की संपत्ति की नीलामी की प्रक्रिया जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई है। इसी दौरान कंपनी ने ले लिया। स्टे के बाद से मामला अटक गया है।
- शुष्क इंडिया कंपनी की 2 करोड़ 10 लाख रुपये की संपत्ति की नीलामी 23 नवंबर 2022 को की गई। स्टे आने की वजह से निवेशकों को पैसा वापस नहीं हो पाया है।
तीन चीटफंड कंपनियों का पैसा शासन के खाते में था। बुधवार को मुख्यमंत्री के हाथों निवेशकों का पैसा सीधे उनके खाते में ट्रांसफर करवाने की प्रक्रिया की जाएगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए सारी प्रक्रिया पूरी कर ली है।









