छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिमाचल प्रदेश के CM को कॉल किया। दरअसल बीते कुछ दिनों से बारिश, बाढ़, भू स्खलन की वजह से हिमाचल प्रदेश में आपदा के हालात हैं। भूपेश बघेल ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर बात कर वहां की त्रासदी के संबंध में किये जा रहे राहत कार्यों के लिए एकजुटता दिखाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदा के चलते कठिन वक्त से गुजर रहा है। इस त्रासदी में सभी देशवासी हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ खड़े हैं। हर प्रकार के आवश्यक प्रयासों में हम साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने फोन पर CM सुक्खू से वर्तमान हालात की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लोग प्राकृतिक आपदा के चलते कठिन स्थिति से गुजर रहे हैं।
हिमाचल में आपदा बहुत बड़े स्तर की है और देशवासियों की सामूहिक एकजुटता से इस आपदा से निपटेंगे। इससे बाहर आने और सामान्य स्थिति बहाली के लिए आपके द्वारा किये जा रहे हर आवश्यक प्रयास में हम आपके साथ खड़े हैं।
ये हालात हैं वहां
हिमाचल की राजधानी शिमला में तबाही जारी है। लोगों के घरों पर पेड़ और पहाड़ खतरा बनकर मंडरा रहे हैं। कृष्णानगर, समरहिल व हिमलैंड के बाद बैनमोर में भी 10 परिवार एहतियातन दूसरी जगह शिफ्ट किए गए। गवर्नर हाउस के साथ बैनमोर में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के घर की छत्त भी देवदार के दो पेड़ गिरने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। अब यह भवन रहने लायक नहीं बचा।
स्पोर्ट्स डॉयरेक्टोरेट निदेशालय के भवन के नीचे की जमीन भी धंस रही है। इससे बिल्डिंग पर खतरा मंडरा रहा है। इस बीच स्पोर्ट्स डायरेक्टर ने सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र लिखकर नई अकोमोडेशन दिलाने का आग्रह किया है। दो दिन में शिमला में 60 से ज्यादा घर खाली करवाकर 150 परिवार दूसरी जगह शिफ्ट किए जा चुके हैं।









