खुद को सांसद प्रतिनिधि बता प्रेमिका से 3.50 लाख ठगे

Spread the love

खुद को बिलासपुर के सांसद का प्रतिनिधि बताया और युवती को प्रेमजाल में फांस कर शादी करने का झांसा देकर घर ले गया और माता-पिता को नौकरीपेशा बहू की जरूरत बताकर 3 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। उसलापुर सांई नगर निवासी 23 वर्षीय युवती इस मामले की पहली पीड़िता है।

4-5 माह पहले उससे होरीलाल अनंत उर्फ राज अनंत नाम का व्यक्ति मिला। उसने खुद को सांसद का प्रतिनिधि बताकर जान पहचान बनाई। कहा उसकी पत्नी व दोनों बच्चों की मौत हो चुकी है। युवती से कहा कि वह उससे प्रेम करता है और शादी करना चाहता है। युवती उसकी झांसे में आ गई और शादी के लिए तैयार हो गई। कथित सांसद प्रतिनिधि उसे अपने घर ले गया।

वहां कहा कि उसके माता पिता को नौकरी वाली बहू चाहिए। वह युवती को नौकरी लगवाने का झांसा दिया और बदले में 3 लाख 50 हजार रुपए खर्च आने की बात कही। युवती पहले ही उसके प्रेम जाल में फंस गई थी इसलिए यकीन कर उसे यह रकम दे दी पर आज तक न तो उसकी नौकरी लगी और न ही उसने पैसे वापस किए। अब शादी करने से भी इनकार कर रहा है। पीड़ित युवती ने उसे घर गिरवी रखकर रुपए दिए थे।

मस्तूरी क्षेत्र के युवक से भी की 4 लाख की ठगी

कथित सांसद प्रतिनिधि ने इसी तरह की ठगी मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम थेम्हापार निवासी मंजेश कुमार पात्रे पिता छोटेलाल (27) से भी की है। होरीलाल से मंजेश की जान पहचान पीड़ित युवती के माध्यम से ही हुई थी।

मंजेश से भी उसने खुद को सांसद का प्रतिनिधि बताया था और लेखापाल के पद पर नियुक्त कराने का झांसा देकर नियुक्त पत्र दिया और फिर उसे वापस ले लिया। एवज में वह उससे 4 लाख रुपए की मांग की। मंगेश ने उसे पिता की जमीन को गिरवी रखकर व दूसरों से उधार लेकर रुपए दिए। लेकिन इसके बाद भी उसकी नौकरी नहीं लगी और न ही पैसा वापस मिला।

जिपं सभापति के साथ गई थाने

पीड़ित युवती एफआईआर दर्ज कराने काफी दिनों से थाने का चक्कर काट रही है पर पुलिस उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। वह शिकायत लेकर एसपी के पास भी गई थी। एसपी के निर्देश के बाद भी अभी तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को जिला पंचायत सभापति अंकित गौरहा के साथ वह फिर सकरी थाने गई। सभापति ने टीआई व प्रशिक्षु आईपीएस अमन झा से बातचीत की तो उन्होंने एफआईआर करने का आश्वासन दिया है।

बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेंगे

शिकायत के आधार पर युवक से संपर्क करने की कोशिश की गई पर नहीं हो पाया। जानकारी मिली है कि उसने अन्य लोगों से भी इसी तरह की ठगी की है। शुक्रवार को पीड़िता को एफआईआर के लिए थाने बुलाया गया है। बयान रजिस्टर्ड कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author