निकाय कर्मचारियों को हर माह 3 से 4 हजार का फायदा मिलेगा। कर्मचारियों को 9 प्रतिशत गृह भाड़ा भत्ता देने का आदेश जारी हो चुका है। रिसाली निगम में इसकी शुरुआत हो चुकी है। आयुक्त आशीष देवांगन ने आदेश जारी किया। अगस्त माह से यह लागू होगा। पूर्व में निगम कर्मियों को छटवें वेतनमान के पहले से 10 प्रतिशत गृह भाड़ा भत्ता मिल रहा था। शासन का नया आदेश आते ही कर्मचारियों को सातवें वेतनमान पर 9 प्रतिशत गृह भाड़ा दिया जाना है।
कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष गोपाल सिन्हा ने गुरुवार को इसे लेकर आयुक्त से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने संगठन की ओर से आयुक्त का आभार व्यक्त किया। सिन्हा ने कहा कि वेतन के साथ कर्मचारी अधिकारियों को बढ़ा हुआ 42 प्रतिशत डीए मिल रहा है। वर्तमान में रिसाली निगम में 57 नियमित अधिकारी और कर्मचारी हैं। इसमें द्वितीय श्रेणी के 3, तृतीय श्रेणी 41 और चतुर्थ श्रेणी के 13 कर्मचारी पदस्थ हैं। इसके अलावा अन्य निकाय कर्मियों को भी लाभ होगा।









