BJP के टिकट वितरण को लेकर PCC चीफ का तंज

Spread the love

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की है। पहली सूची में कुल 21 विधानसभा के प्रत्याशियों को चुना गया है। सूची जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ में सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और बस्तर से सांसद दीपक बैज ने भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, भाजपा अभी टिकट वितरण कर सिर्फ टेस्ट कर रही है। पहले मैदान में उतारो, फिर कुछ गड़बड़ लगे तो वापस ले लो।

दरअसल, दीपक बैज ने जगदलपुर में अपना बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, भाजपा ने टिकट वितरण से पहले जनता, बूथ के कार्यकर्ता और ब्लॉक के कार्यकर्ता से नहीं पूछी। अब तक उनका घोषणा पत्र का डब्बा भी नहीं भरा है और ये लोग प्रत्याशी भी घोषित कर दिए। भाजपा के नेता दिल्ली में बैठकर टिकट बांट रहे हैं। लेकिन, हम बूथ और ब्लॉक में बैठकर टिकट का वितरण करेंगे। जनता और कार्यकार्ताओं की पसंद से ही हम प्रत्याशी चुनेंगे।

हम हर चुनाव चुनौतीपूर्ण लेते हैं- अरुण साव
इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि हम हर चुनाव चुनौतीपूर्ण लेते हैं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के 21 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। सारे प्रत्याशी अपने आप में बेहतर हैं। निश्चित रूप से उन्हें जनता का आशीर्वाद मिलेगा। राज्य में भ्रष्टाचार करने वाली, अपराध को बढ़ाने वाली कांग्रेस सरकार से जनता को मुक्ति दिलाएंगे।

BJP प्रत्याशी रामविचार नेताम बोले- हमारे लिए कोई चुनौती नहीं
टिकट वितरण होने के बाद रामानुजगंज से BJP प्रत्याशी और पूर्व मंत्री रामविचार नेताम ने सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि, हमारे लिए कोई चुनौती नहीं होगी। सरकार लोगों को भड़का रही है। ठग रही है। सिर्फ बस्तर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि कांग्रेस को हराना है और BJP को जिताना है। इस सरकार से छत्तीसगढ़ का हर वर्ग परेशान है। पूरा माफिया राज चल रहा है। यहां सब कुछ भ्रष्टचार की भेंट चढ़ रहा है। जनता सब देख रही है। परिवर्तन होना निश्चित है।

 

Author