CG में शिक्षक नेता हुए गिरफ्तार:जेल भरो आंदोलन का किया था ऐलान

Spread the love

छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक फेडरेशन अपनी एकसूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। इसके तहत शुक्रवार को संघ ने रायपुर में जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया था। संघ का दावा है कि इस ऐलान के बाद पुलिस ने सहायक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन उनके प्रदर्शन को दबाने में लगा है।

छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन एक सूत्रीय मांग, वेतन विसंगति, जिसमें पूर्ण पेंशन के लिए 20 साल की सेवा किए जाने की मांग है। इसे लेकर ब्लॉक स्तर पर 10 अगस्त 2023 से अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहा है। शिक्षकों ने बीते 13 अगस्त को रायपुर के बूढ़ा तालाब में आक्रोश रैली की इजाजत मांगी थी, लेकिन प्रशासन की तरफ से उन्हें अनुमति नहीं दी गई।

आज जेल भरो आंदोलन का था आयोजन

अपनी मांगों को पूरा नहीं होता देख संघ ने 18 अगस्त को जेल भरो आंदोलन का आह्वान किया था। इस प्रदर्शन को लेकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से हजारों शिक्षक बूढ़ा तालाब पहुंच रहे थे। लेकिन इसके पहले ही पुलिस ने राजधानी की तरफ आने वाले अलग-अलग रास्तों पर इन शिक्षकों को रोक लिया और इन्हें बसों में बैठाकर तूता धरनास्थल ले आई।

पूरे मामले को लेकर सहायक समग्र शिक्षक संघ के मीडिया प्रभारी राजू टंडन ने कहा कि आज प्रदेश के 1 लाख से ज्यादा सहायक शिक्षक सभी जिलों में आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने सरकार से अपनी एक सूत्रीय वेतन विसंगति दूर करने की मांग की है, लेकिन मांगों पर विचार करने की जगह प्रशासन हमारे प्रदर्शन को दबाने में लगा हुआ है।

बताया जा रहा है कि ग्रामीण क्षेत्र के कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस आंदोलन के चलते स्कूलों में बच्चों को पढ़ने वाला कोई नहीं है।

 

Author