रायपुर में आम आदमी पार्टी के यूथ विंग ने गुरुवार को सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया है। बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे आप के युवा नेताओं ने राज्य सरकार पर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के रोजगार कार्यालय में 18 लाख से अधिक रजिस्टर्ड बेरोजगार हैं। सरकार को जल्द भर्तियां निकालकर नौकरी देनी चाहिए।
इस प्रदर्शन के लिये राज्य के कई जिलों से युवा पहुंचे थे, जिन्होंने नलघर चौक से घड़ी चौक तक पदयात्रा की। प्रदर्शन के दौरान यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बताया कि सरकार ने छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ धोखा किया है। यहां प्रदेश में बेरोजगारी दर शून्य के आसपास बताई जा रही है, जबकि प्रदेश के बेरोजगार कार्यालय में 18 लाख रजिस्टर्ड बेरोजगार हैं।
बेरोजगारी भत्ता को लेकर सवाल
आप के युवा नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार जो बेरोजगारी भत्ता युवाओं को दे रही है। उसका लाभ केवल चुनिंदा युवाओं को मिल रहा है। आज ज्यादातर युवा पढ़े-लिखे होने के बावजूद बेरोजगार हैं। उन्हें कोई मदद नहीं मिल रही है।











