दयालबंद की व्यस्त सड़क में सुबह हुआ हादसा

Spread the love

नो एंट्री के दौरान शहर में घुसे तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से सोमवार को सुबह बीजापुर जिला पंचायत सीईओ रवि साहू की मां की मौत हो गई। वहीं, सीईओ की मौसा व मौसी घायल हो गए। तीनों जांजगीर जिले के रहने वाले हैं और बंधवापारा में पारिवारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए आए थे। उनके पिता रिटायर्ड नायब सूबेदार आरके साहू व मां शारदा देवी अकलतरा में ही रहते हैं।

जबकि पकरिया निवासी सनत कुमार साहू मौसा व अनिता मौसी है। सोमवार की सुबह 6.45 बजे जब वे बाइक से लौट रहे थे, तब दयालबंद शीतला मंदिर के पास यह हादसा हुआ। शहर में पिछले तीन साल में ऐसी घटनाओं में 21 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, आउटर में 65 लोगों की मौत हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक जांजगीर जिले के पकरिया निवासी सनत कुमार साहू (57 वर्ष) की सरकंडा बंधवापारा में ससुराल है। रविवार को यहां कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अपनी पत्नी अनिता साहू के साथ आया था। अनिता की बड़ी बहन तथा बीजापुर सीईओ रवि की मां शारदा साहू (40 वर्ष) भी आई थी।

कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद सोमवार को सुबह तीनों एक बाइक से घर जाने के लिए निकले थे। सुबह करीब 6.45 बजे शीतला मंदिर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा क्रमांक सीजी 10 बीएन 7370 के ड्राइवर ने बाइक को टक्कर मारी।

इससे बाइक अनियंत्रित हुई और तीनों गिर गए। शारदा के सिर पर चोट आई थी। उसके मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सनत और अनिता को भी चोट आई है। घटना के तत्काल बाद आसपास के लोगों ने हाइवा को घेर लिया और ड्राइवर को पकड़ लिया। ड्राइवर अभिषेक केंवट अकलतरा के पास अर्जुनी गांव का रहने वाला है।

 

Author