नए मतदाताओं को जोड़ने भाजपा महिला मोर्चा की रणनीति

Spread the love

विधानसभा चुनाव को लेकर आधी आबादी को साधने के लिए भाजपा ने बड़ा प्लान तैयार किया है। भाजपा महिला मोर्चा अगले महीने सभी 90 विधानसभाओं में जनसंपर्क और युवती संवाद सम्मेलन करेगी। इसके जरिए महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ की हर विधानसभा के विभिन्न वर्गों की महिलाओं से संपर्क करेगा। इसके अलावा लाभार्थी सम्मेलन के जरिए महिला हितग्राहियों से संपर्क करने की भी योजना है। पार्टी सेल्फी विद महिला लाभार्थी कैंपेन के जरिए महिला मोर्चा प्रदेश की एक लाख महिलाओं तक पहुंचेगी। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस करके भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानिथी श्रीनिवासन ने ये जानकारी दी।

युवा वोटरों तक पहुंचने सर्व महिला संवाद भी :

महिला मोर्चा नए युवा महिला वोटरों को पंजीयन में सहयोग देने के लिए भी काम करेगा। इसके लिए प्रदेश में सर्व महिला संवाद कार्यक्रम चलाया जाएगा। श्रीनिवासन ने बताया कि सेल्फी विद महिला लाभार्थी कैंपेन के जरिए देश में एक करोड़ और छत्तीसगढ़ में एक लाख महिलाओं से संपर्क किया जाएगा। महिला कार्यकर्ताओं को सशक्त करने के लिए कमल मित्र प्रोग्राम चलाया जा रहा है। इसमें ऑनलाइन ट्रेनिंग देकर कमल मित्र ई- सर्टिफिकेट दिया जा रहा है।

हर शक्ति केंद्र में होगा महिला लाभार्थी सम्मेलन

महिला मोर्चा बूथ से लेकर शक्ति केंद्र के स्तर पर कार्यक्रम करेगा। कमल सखी सम्मेलन के जरिए बूथ स्तर पर महिला वोटरों से जुड़ने का प्लान है। जबकि हर शक्ति केंद्र में महिला लाभार्थी सम्मेलन किया जाएगा। लाभार्थी सम्मेलन में महिला मोर्चा केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही 15 प्रमुख महिला केंद्रित योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाएगा। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवासन ने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ की महिलाएं समझेंगी कि भाजपा पीएम मोदी के नेतृत्व में किस तरह से महिलाओं को सशक्त करने का काम कर रही है।

सरकार के भ्रष्टाचार को भी महिलाओं तक पहुंचाएगा मोर्चा : श्रीनिवासन

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवासन ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं की सुरक्षा दांव पर लगी हुई है। प्रदेश में पोषण अभियान योजना के तहत बच्चों को सही पोषणयुक्त भोजन नहीं मिल रहा है। केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए जो राशि भेजती है। भ्रष्टाचार के कारण वह राशि महिलाओं तक नहीं पहुंच रही है। रेडी टू ईट योजना का काम महिला स्व- सहायता समूहों से छीनकर बीज निगम को देकर सरकार ने महिलाओं को बेरोजगार करने का काम किया है।

श्रीनिवासन ने कहा, कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ में किए गए शराब घोटाला, कोल घोटाला, भर्ती घोटाले जैसे विभिन्न भ्रष्टाचार और तमाम मुद्दों को भी महिला मोर्चा महिलाओं तक पहुंचाएगा। इस दौरान महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री आरती सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, प्रदेश महामंत्री विभा अवस्थी, चम्पा देवी पावले, मंत्री भावना बोहरा, कोषाध्यक्ष संध्या तिवारी, महिला मोर्चा मीडिया प्रभारी डॉ. किरण बघेल भी उपस्थित थे।

 

Author