राजधानी दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों के बीच दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के शकरपुर इलाके में 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ बलात्कार किया गया है। मामला सामने आने के बाद दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। स्वाति मालीवाल ने कहा, ‘दिल्ली महिला आयोग को 85 साल की महिला के साथ रेप की सूचना मिली है।’ आयोग को बताया गया है कि महिला दिल्ली के शकरपुर इलाके की एक झुग्गी बस्ती में रहती है। नोटिस में कहा गया है कि उसने बताया है कि वह अपने पति की मृत्यु के बाद झुग्गी में अकेली रहती है।
घाव देखके रूह काँप गई
स्वाति मालीवाल ने X पोस्ट पर लिखा, ‘आज दिल्ली में इंसानियत तार तार हो गई ! शकुरपुर में सुबह 4 बजे 85 साल की अम्मा के साथ उनकी झुग्गी में घुसकर रेप किया गया। उनसे मिलके घाव देखके रूह काँप गई। 8 महीने की बच्ची या 85 साल की अम्मा, सब हैवानियत के शिकार हैं। पुलिस को नोटिस जारी कर गिरफ़्तारी की माँग रखी है!’
चेहरे पर मुक्का मारा, ब्लेड से उसके होंठ काट दिए
पीड़ित बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया कि 1 सितंबर को सुबह 4:00 बजे एक व्यक्ति जबरन उसकी झुग्गी में घुस गया और उसके साथ बलात्कार किया। उसने यह भी बताया कि आरोपी ने उसके चेहरे पर मुक्का मारा, ब्लेड से उसके होंठ काट दिए और उसका गला घोंटने की कोशिश की। नोटिस में कहा गया है कि उसके पूरे चेहरे और निजी अंगों पर भी चोटें हैं।
डीसीडब्ल्यू प्रमुख ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
डीसीडब्ल्यू प्रमुख ने कहा, यह मामला बेहद ही गंभीर है। स्वाति मालीवाल ने दुष्कर्म के मामले में दर्ज प्राथमिकी की प्रति और यह जानकारी मांगी है कि क्या पुलिस के पास जिले में अकेले रहने वाले सभी बुजुर्गों की सूची है। डीसीडब्ल्यू ने इस मामले पर पांच सितंबर तक कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।










