महानदी किनारे मिला महिला का शव, शरीर पर चोंट के निशान, फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस, इधर दोस्तों के साथ नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत

Spread the love

महानदी किनारे मिला महिला का शव, शरीर पर चोंट के निशान
रायपुर/आरंग : रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र के ग्राम पारागांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां महानदी के किनारे एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका के शरीर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं. जिससे शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पारागांव निवासी रुक्मणी सोनवानी उम्र 36 साल के पति का पहले ही निधन हो चुका था और वह गांव में रह रही थीं .महानदी किनारे शव मिलने की खबर स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी. खबर मिलने के बाद आरंग थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू की.
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला के शरीर पर चोट के कई निशान मौजूद हैं. इन निशानों से यह आशंका जताई जा रही है कि मौत से पहले उसके साथ मारपीट या संघर्ष हुआ होगा. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत इकठ्ठा किए हैं.
बताया जा रहा है कि शव के आसपास से कुछ ऐसे सुराग मिले हैं. जो जांच में अहम साबित हो सकते हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या की वजह और आरोपी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की है. मामले की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है.
आरंग पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही वजह, मौत के समय और अन्य अहम तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई को दिशा मिलेगी.
आरंग थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मृतका के परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है. जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रुक्मणी सोनवानी को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था. इसके अलावा पुलिस यह भी जानकारी जुटा रही है कि मृतका की किसी व्यक्ति से कोई दुश्मनी या विवाद तो नहीं था.
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए हैं. उन्होंने कहा कि जल्द ही इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है. आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम लगातार काम कर रही है. महानदी किनारे महिला का शव मिलने की घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

दोस्तों के साथ नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत
दुर्ग : दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां सातपाखर नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई. मृतक अपने आठ दोस्तों के साथ नदी में नहाने पहुंचा था. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. मिली जानकारी के मुताबिक, 12 जुलाई की शाम करीब 4 बजे रायपुर कोटा क्षेत्र के छोटा भवानी नगर निवासी कृष्ण राव अपने आठ दोस्तों के साथ सातपाखर नदी घूमने और नहाने गया था। इस दौरान छह युवक नदी में उतरे, लेकिन कुछ देर बाद उनमें से पांच युवक ही बाहर लौटे
जब कृष्ण राव वापस नहीं लौटा तो उसके परिजन चिंतित हो गए। देर रात उन्होंने गंज थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और युवक की तलाश शुरू की। परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे। इस दौरान नदी में मौजूद अन्य युवकों से भी पूछताछ की गई
बताया जा रहा है कि परिजनों ने घटनास्थल पर मौजूद सभी युवकों को साथ लेकर नदी क्षेत्र में पहुंचकर तलाश शुरू की। इसी दौरान मृतक कृष्ण राव का शव अचानक पानी के ऊपर तैरता हुआ दिखाई दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
अमलेश्वर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों को समझने का प्रयास कर रही है।
कृष्ण राव की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार और परिचितों में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी में नहाने के दौरान होने वाली घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नदी, तालाब या अन्य जल स्रोतों में नहाते समय सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। फिलहाल अमलेश्वर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसा कैसे हुआ और युवक किस परिस्थिति में डूबा, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.

Author