जंगल में मादा भालू का हमला, घायलों को जिला पंचायत सभापति ने पहुंचाया हॉस्पिटल, एक ही दिन में तीन लोग हमले के शिकार, दहशत का माहौल

Spread the love

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : मरवाही वनमंडल अंतर्गत नाका बीट में भालू के हमले से हड़कंप मच गया, जंगल में भालू ने एक ही दिन में तीन लोगों को अपना शिकार बना लिया, जिसमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने से उनकी जान बच गई.
मिली जानकारी के मुताबिक लालजी पिता सुखलाल, श्रीमती सीतल पति मनोज वाकरे और मनोज वाकरे तीनों किसी काम से जंगल की तरफ गए थे. तभी अचानक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह से काटकर घायल कर दिया.
हमले की खबर मिलते ही जिला पंचायत सभापति श्रीमती राधा मुरारी रैदास ने अपनी सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया. उन्होंने तुरंत प्राइवेट वाहन की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया और अस्पताल में भर्ती कराया.
सीएचसी मरवाही में पदस्थ डॉक्टरों ने तत्काल घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया और सभी का इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर है.
वहीं घटना की जानकारी लगते ही वन विभाग मरवाही के रेंजर मुकेश साहू भी अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल मरीजों का हालचाल जाना और वन विभाग की तरफ़ से तत्काल सहायता राशि प्रदान की.
रेंजर ने बताया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा राशि भी जल्द दिलाई जाएगी. इधर लगातार हो रहे भालू के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग की है.

Author