माना के राय पब्लिक स्कूल में हादसा, क्लास में छात्र के ऊपर गिरा पंखा
रायपुर : रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित राय पब्लिक स्कूल में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. स्कूल की कक्षा में बैठे एक 10 वसाल के छात्र के ऊपर अचानक पंखा गिर गया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में छात्र की आंख में चोट आई है.
मिली जानकारी के मुताबिक राय पब्लिक स्कूल में कक्षा 4वीं का छात्र लक्ष्य पाल दुसरे बच्चों के साथ कक्षा में बैठा हुआ था. तभी अचानक छत पर लगा पंखा टूटकर उसके ऊपर गिर गया.
छात्र के परिजन और अन्य अभिभावक स्कूल पहुंच गए. उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया. अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है. कक्षा में लगे पंखे और अन्य उपकरणों की नियमित जांच होनी चाहिए थी. ताकि इस तरह की घटना को रोका जा सके.
राय पब्लिक स्कूल सीमेंट शीट वाली छत के भवन में संचालित हो रहा है. अभिभावकों ने स्कूल की व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जरूरी सावधानियां बरती जानी चाहिए। इस तरह की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल छात्र के स्वास्थ्य और चोट की स्थिति को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है. वहीं स्कूल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है.
इस हादसे ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्कूलों में समय-समय पर भवन, बिजली उपकरण, पंखे, फर्नीचर और अन्य संसाधनों की जांच जरूरी होती है. अभिभावकों ने मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए. ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
चलती क्लास में सरकारी स्कूल की छत का हिस्सा गिरा, 3 बच्चे गंभीर रूप से घायल
बेमेतरा : बेमेतरा जिले के थान खमरिया क्षेत्र से सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया. ग्राम गुवारा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में कक्षा के दौरान अचानक छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया. हादसे के समय कक्षा में छात्र पढ़ाई कर रहे थे. मलबे की चपेट में आने से तीन स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्कूल परिसर में मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. शिक्षकों और ग्रामीणों ने फौरन बच्चों को मलबे से बाहर निकालकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थानखमरिया पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
पढ़ाई के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक कक्षा नियमित रूप से संचालित हो रही थी. इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर और अन्य हिस्सा टूटकर बच्चों के ऊपर गिर पड़ा. तेज आवाज सुनकर स्कूल स्टाफ और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.
तीन बच्चों की हालत नाजुक
हादसे में घायल तीनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानखमरिया में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
प्रशासन ने शुरू की जानकारी जुटाना
हादसे की खबर मिलते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए. स्कूल भवन की हालात का मुआयना किया जा रहा है और हादसे के वजह की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर भवन की जर्जर हालत को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी.
स्कूल भवनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद एक बार फिर सरकारी स्कूल भवनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. ग्रामीणों ने जर्जर भवनों की समय पर मरम्मत कराने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. फिलहाल तीनों घायल बच्चों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानखमरिया में जारी है. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है.











