बिलासपुर/कोटा : छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र स्थित औरापानी जलाशय में डूबने से 32 साल के युवक की मौत हो गई. युवक अपने दोस्तों के साथ जलाशय में घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचा था. नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक ऋषभ देव पिता ओमप्रकाश देव उम्र 32 साल निवासी नया सरकंडा गली नंबर-4 बिलासपुर अपने दोस्तों अभिषेक जायसवाल (दीनदयाल कॉलोनी, मंगला), राकेश साहू (बृहस्पति बाजार), दीपक जायसवाल (गांधी चौक, मधुबन), कुशल टेक्नो (टीपूपारा, तारबाहर) और बिट्टू अली (धुरीपारा, मंगला) के साथ सोमवार सुबह करीब 6 बजे औरापानी जलाशय पिकनिक मनाने पहुंचे थे.
सुबह करीब 6:30 बजे सभी दोस्त जलाशय में नहाने के लिए उतरे. इसी दौरान ऋषभ अचानक गहरे पानी की तरफ चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा. दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की ज्यादा गहराई की वजह से वह उनके हाथ नहीं आया और कुछ देर बाद लापता हो गया.
हादसे की जानकारी कोटा थाना पुलिस को दी गई. खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. इसके बाद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया. एसडीआरएफ की टीम ने जलाशय में युवक की तलाश शुरू की.
कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोपहर करीब 1 बजे टीम को कामयाबी मिली और ऋषभ का शव जलाशय से बाहर निकाला गया. शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और दोस्तों में मातम छा गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में सामने आया कि युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने आया था और नहाने के दौरान हादसे का शिकार हो गया. पुलिस ने दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी ली है.
यह हादसा एक बार फिर बारिश के मौसम में जलाशयों, बांधों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है. बरसात के समय जलस्तर बढ़ने के साथ पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. प्रशासन ने लोगों से अपील किया कि वे जलाशयों और खतरनाक स्थानों पर नहाने से बचें. थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे की वजह बन सकती है. खासकर बरसात के मौसम में बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकने की सलाह दी गई है.
2026-07-13











