कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भाजपा युवा मोर्चा के शहर मंडल अध्यक्ष हर्शल गजबिए के जन्मदिन का जश्न विवादों में आ गया है. कलेक्ट्रेट मार्ग पर बीच सड़क टेबल लगाकर केक काटने का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है. घटना को लेकर पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था और कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं.
बीच सड़क मनाया गया जन्मदिन
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 12 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट मार्ग पर टेबल लगाकर जन्मदिन का आयोजन किया. इस दौरान बीच सड़क केक काटा गया. जिससे कुछ समय के लिए मार्ग बाधित रहा. भाजयुमो शहर मंडल अध्यक्ष के जन्मदिन समारोह में भाजपा के कई युवा नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए.
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने सार्वजनिक सड़क पर इस तरह आयोजन किए जाने पर आपत्ति जताई है. कई लोगों ने इसे यातायात नियमों की अनदेखी बताते हुए कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
घटना को लेकर कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस की रात्रि पेट्रोलिंग पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर इस तरह का आयोजन होने के बावजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप क्यों नहीं किया. मामले में संबंधित अधिकारियों की तरफ से अब तक किसी तरह की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है.











