बिलासपुर : शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है. पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त निरीक्षक सीताराम गुप्ता पिता केदार प्रसाद गुप्ता उम्र 68 साल ने अपने ही घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. घटना की खबर मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फिलहाल खुदकुशी के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक सरकंडा थाना क्षेत्र के चटर्जी गली स्थित निवास में सीताराम गुप्ता अपनी पत्नी के साथ रहते थे. उनके चार बेटे और एक बेटी है. सभी बेटे और बेटी की शादी हो चुकी है. लेकिन, बेटे घर से अलग रहते थे. बुधवार की शाम वो घर पर ही थे. इस दौरान वो अपने कमरे की तरफ गए. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर कमरे का दरवाजा खोला तो वे फांसी के फंदे पर लटके मिले. यह नजारा देखते ही घबराई पत्नी ने अपने बेटों और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी. घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
घटना की जानकारी सरकंडा थाना पुलिस को दी गई. खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक सबूत जुटाने के साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं.
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि मृतक पुलिस विभाग से निरीक्षक पद से रिटायर हुए थे. शुरूआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और न ही खुदकुशी की वजह से जुड़ा कोई सबूत मिला है. ऐसे में पुलिस पारिवारिक, मानसिक और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. खुदकुशी के पीछे की असल वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
2026-07-16











